
नागौर. पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आए दिन हो रही बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने अनूठा तरीका अपनाया। जिलाध्यक्ष जाकिर हुसैन गैसावत के नेतृत्व में पूर्व मंत्री हरेंद्र मिर्धा, मंजू मेघवाल, पूर्व विधायक रामचंद्र जारोड़ा सहित कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पार्टी के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी ऊंटगाड़ी व तांगों पर सवार होकर गांधी चौक से रैली के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केन्द्र सरकार के विरोध में नारेबाजी की। इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के गांधी चौक में एकत्र हुए।
जनता से कोई सरोकार नहीं
जिलाध्यक्ष गैसावत ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार को जनता से कोई सरोकार नहीं है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आए दिन हो रही वृद्धि आमजन को सीधा प्रभावित कर रही हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मिर्धा ने केन्द्र सरकार पर निरंकुश और हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतें आसमान छू रही है और महंगाई बढ़ रही है।
पीएम मोदी के खिलाफ प्रदर्शन
इसके बाद कांग्रेसी गांधी चौक से ऊंटगाड़ी व तांगों पर सवार होकर कलक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के सामने ऊंटगाड़ी व तांगों को खड़ा किया और पीएम मोदी के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कांग्रेसियों ने एडीएम छगनलाल गोयल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर पेट्रोल-डीजल पर लगे करों को कम कर जनता को राहत देने की मांग की।
ये कांगे्रसी रहे उपस्थित
जिला स्तरीय प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ नगर परिषद सभापति कृपाराम सोलंकी, लच्छाराम बडारड़ा, शौकत अली, मूण्डवा प्रधान राजेन्द्र फिड़ौदा, लक्ष्मणराम, पूर्व विधायक बीरदाराम चौधरी, जालाराम, गुल्लाराम, अब्दुल सत्तार, असलम चौधरी, मोतीलाल चंदेल, भंवरलाल खुड़खुडि़या, राधेश्याम सांगवा, रघुवीर चौधरी, अशोक कुमार मच्छी, रिद्धकरण लोमरोड़, शमशेर खां, भैराराम धुंधवाल, युवा नेता दीपक नेहरा, राममनोहर डूडी, हेमाराम बेड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष दिलफराज खां, तबरेज खां, विमल सोनी, भगवानाराम तांडी, पप्पू तंवर, हनुमान बांगड़ा, महावीर कोठारी, भीकमचंद शर्मा सहित जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।