
नागौर
जिले के बड़ी खाटू की पंचपीरा पहाड़ियों पर सोमवार शाम भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। पत्रिका संवाददाता की सूचना के बाद उपखण्ड अधिकारी कन्हैयालाल सोनगरा ने मामले की सुध ली। जिसके बाद आग का मौका मुआयना करने जायल तहसीलदार हनुमान सिंह को भेजा गया। गौरतलब है कि इन पहाड़ियों पर बड़ी संख्या में वन्य जीव बसेरा करते हैं। जिनके मारे जाने की आशंका बनी हुई है। जिला प्रशासन मामले को लेकर सतर्क हो गया है।
धार्मिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण
बड़ी खाटू की पंचपीरा पहाड़ियां धार्मिक दृष्टि और श्रद्धालुओं के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। जानकारी के मुताबिक आग लगने के पीछे अवैध खननकर्ताओं का हाथ होने की बात आ रही है। क्योंकि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में अवैध खनन किया जाता है। आग लगने के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आगामी दिनों में अवैध खनन पर कानूनी कार्यवाही की जाएगी।