
नागौर. फेसबुक पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने संबंधी एक मैसेज ने सोमवार रात हंगामा मचा दिया। इससे शहर में तनाव फैल गया और काजियों के चौक में लोग जमा हो गए । सूचना मिलने पर सीओ सुभाष मिश्रा मौके पर पहुंचे और उन्होंने समझाइश की। पुलिस ने इस संबंध में एक युवक को हिरासत में ले लिया। एहतियात के तौर पर वहां पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया है। आक्रोशित लोग पोस्ट को शेयर करने वाले आरोपितों को भी गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।
यह था मामला
हाल ही में 18 अप्रेल को फेसबुक पर डाली गई एक पोस्ट में एक युवक ने दूसरे धर्म के बारे में विवादास्पद बात कही। यह पोस्ट धीरे-धीरे शेयर होते हुए लोगों तक पहुंची तो समुदाय के विशेष लोग आक्रोशित हो गए। ये रात करीब दस बजे काजियों के चौक में एकत्र होकर आरोपित युवक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। इस पर शहर काजी मेअराज उस्मानी, साबिर हुसैन, एडवोकेट पीर मोहम्मद व याकूब खान ने लोगों से समझाइश की। इसके बाद भी लोग नहीं माने। इस पर सीओ सुभाष मिश्रा वहां पहुंचे और शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही। साथ ही कहा कि जिसने भी यह पोस्ट डाली है, उसे गिरफ्तार किया जाए। देर रात युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सीओ सुभाष मिश्रा ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शांति बनाए रखने की अपील भी की।
मंडी में आज अवकाश
नागौर. कृषि उपज मंडी में मजदूर दिवस के अवसर पर मंगलवार को अवकाश रहेगा। मंडी में माल की छनाई, तुलाई एवं ढेरी बोली नही लगेगी। कृषि मंडी मजदूर संघ के अध्यक्ष भंवरलाल नायक ने बताया कि अवकाश के दिन कोई भी मजदूर कार्य नहीं करेगा। दी नागौर को-ऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी के जनरल मैनेजर ने राजफैड के मुख्य प्रबंधक को पत्र लिखकर बताया कि मजदूर दिवस पर नागौर एवं जायल खरीद केन्द्र पर सरसों एवं चन्ना की समर्थन मूल्य पर की जाने वाली खरीद नही होगी।