नागौर. नागौर जिले के जायल व डीडवाना उपखंड मुख्यालय पर आज (मंगलवार) प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नहरी पेयजल परियोजनाओं के साथ अन्य विकास कार्यों का उद्घाटन कर जिले की जनता को बड़ी सौगात देने जा रही हैं। हालांकि दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को आज किशनगढ़ होते हुए साढ़े 11 बजे तक जायल पहुंचना था, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वे समय पर जयपुर से रवाना नहीं हो पाईं। इधर, मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जायल में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गर्मी को देखते हुए जनसभा के लिए डोम लगाया गया है, जिसमें दर्शकों के लिए कुर्सियां लगाई गई है। केन्द्रीय मंत्री सीआर चौधरी, नागौर जिला प्रभारी मंत्री बंशीधर बाजिया, नागौर विधायक हबीबुर्रहमान, जायल विधायक मंजू बाघमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि सुबह ही जायल पहुंच गए तथा मंच एवं कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं जांची। 11 बजे तक डोम में लोगों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया।