नागौर

गाजे-बाजे संग मां दुर्गा की निकली विसर्जन शोभायात्रा

–वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का किया विसर्जन-सडक़ों पर बिछी फूलों की चादर, मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा आसमाननागौर. शारदीय नवरात्रि पर पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विसर्जन किया गया। विसर्जन शोभायात्रा गुजरी तो सडक़ों पर फूलों की चादर बिछी नजर आई। […]

2 min read
Oct 11, 2024

-वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का किया विसर्जन
-सडक़ों पर बिछी फूलों की चादर, मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा आसमान
नागौर. शारदीय नवरात्रि पर पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विसर्जन किया गया। विसर्जन शोभायात्रा गुजरी तो सडक़ों पर फूलों की चादर बिछी नजर आई। घोड़ों एवं ऊंटों के संग गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा में गूंजते भजनों पर थिरकते, झूमते श्रद्धालु चले तो वातावरण देवीमय बना रहा। इसकी वजह से शाम को कई जगहों पर सडक़ें भीड़ से भरी रही। विभिन्न क्षेत्रों से मां दुर्गा की प्रतिमा को लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ से तालाबों के आसपास चहल-पहल रही।
दुर्गा अष्टमी शुक्रवार को धूमधाम से मनाई गई। शहर के पुराना पॉवर हाउस, नया तेलीवाड़ा, तेलीवाड़ा, काठडिय़ा का चौक, लोहिया चौक आदि क्षेत्रों के साथ इसके आसपास की कॉलोनियों में पंडाल में विराजित मां दुर्गा का शुक्रवार को अष्टम महागौरी के रूप में पूजन किया गया। पूजन के पश्चात आरती हुई। इसके बाद गाजे-बाजे के साथ ऊंटों एवं घोड़ों से सजी मां दुर्गा के प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्राएं निकली। घांची समाज की निकली शोभायात्रा में गाजे-बाजे के साथ सजे-धजे ऊंट एवं घोड़ों से पूरा माहौल बदला नजर आया। घोड़ों पर सवार किशोरियां भी चल रही थी। इसी तरह से पुराना पॉवर हाउस, न्यू तेलीवाड़ा आदि क्षेत्रों के साथ ही पीएचडीई कॉलोनी से निकली शोभायात्राएं तालाबों पर पहुंची। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इनका विसर्जन किया गया। इस दौरान सडक़ों के दोनो ओर खड़े लोग शोभायात्रा को देखते नजर आए। मां दुर्गा के जयकारों से आसपास का वातावरण गूंजता रहा।
दुर्गा अष्टमी मनाई
नागौर. दुर्गा अष्टमी के मौके पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कन्या पूजन करने के साथ ही उनको भोजन कराया गया। शुक्रवार का दिन नन्हीं बालिकाओं के नाम रहा। पूरे दिन नन्हीं बालिकाएं देवी स्वरूप में एक घर से दूसरे घरों में भोजन प्रसाद के लिए पहुंचती रही। कन्या पूजन के साथ ही मां दुर्गा का लगातार उपवास कर रहे श्रद्धालुओं ने पारण भी किया। इधर देवी मंदिरों में मां दुर्गा का अष्टम महागौरी के रूप में शृंगार किया गया।

Published on:
11 Oct 2024 10:37 pm
Also Read
View All

अगली खबर