नागौर

नागौर-बीकानेर हाईवे हादसा: ट्रेलर के नीचे फंसी बाइक से उठी चिंगारी, 200 फीट घिसटने से 2 युवकों की मौत

नागौर-बीकानेर NH-62 पर कालानाडा के पास कोयले से भरे ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। ट्रेलर बाइक को 200 फीट तक घसीटता ले गया, जिससे दो युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर में आग लग गई।
2 min read
• •
Updated: 22 Sep 2026, 7:56 AM IST
nagaur bikaner highway accident
ट्रेलर में लगी आग (पत्रिका फोटो)

Nagaur-Bikaner NH-62 Accident: नागौर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर अलाय से बीकानेर की ओर कालानाडा के पास सोमवार शाम करीब साढ़े 7 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोयले से भरे एक ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर बाइक को करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया।

दोनों युवकों की मौके पर ही मौत

पुलिस के अनुसार, ट्रेलर बीकानेर से नागौर की ओर आ रहा था। कालानाडा के पास ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान बीकानेर जिले के मालियाणा निवासी महावीर पुत्र कोजाराम जाट और बुद्धाराम पुत्र चेनाराम जाट के रूप में हुई है।

चालक ने कूदकर बचाई जान

हादसे के बाद ट्रेलर चालक ने नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गोगेलाव टोल की एम्बुलेंस टीम मौके पर पहुंची। दोनों मृतकों के शवों को नागौर के जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद ट्रेलर में लगी भीषण आग

हादसे के कुछ देर बाद कोयले से भरे ट्रेलर में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रेलर के टायरों और आगे के हिस्से में आग की लपटें उठने लगीं। आग विकराल होने से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात प्रभावित हो गया।

सूचना मिलने पर नागौर नगर परिषद के अग्निशमन विभाग की दो दमकल मौके पर पहुंचीं। इसके अलावा नोखा से भी एक दमकल टीम को बुलाया गया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने की कार्रवाई में सहदेव, साहिल, विक्रम सिंह, सम्पतराम, जितेंद्र, आरिफ, कैलाश और रामनिवास सहित अग्निशमन विभाग के कार्मिकों ने सहयोग किया।

इधर, हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और हाईवे पर यातायात व्यवस्था संभाली। आग पर काबू पाने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात को सुचारू कराया गया।

Updated on:
22 Sep 2026, 7:56 AM IST
Published on: