नागौर

राजस्थान में यहां हनुमान बेनीवाल की आरएलपी ने बनाया बोर्ड, भाजपा प्रत्याशी को नहीं मिला एक भी वोट

Mundwa Nagar Palika Chairman Result : नागौर जिले के मूण्डवा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में आरएलपी ने बाजी मार ली। आरएलपी की अलका कंदोई लगातार दूसरी बार पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।
2 min read
Sep 21, 2026
RLP Alka Kandoi
Mundwa Nagar Palika Chairman Result (Photo-Patrika)

Mundwa Nagar Palika Chairman Result : नागौर। मूण्डवा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव में आरएलपी ने बाजी मार ली। आरएलपी की अलका कंदोई लगातार दूसरी बार पालिकाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। चुनाव में अलका कंदोई को 13 वोट मिले, जबकि भाजपा से बागी होकर निर्दलीय मैदान में उतरे घनश्याम सदावत को 12 मत प्राप्त हुए। इस चुनाव में सबसे चौंकाने वाली बात भाजपा प्रत्याशी गीता का खाता भी नहीं खुला। गीता को एक भी वोट नहीं मिला। यहां तक कि उन्हें खुद का वोट भी नहीं मिला।

भाजपा के 10 पार्षद, फिर भी नहीं खुला खाता

मूण्डवा में पार्षदों के चुनाव में भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी। भाजपा के 10 पार्षद निर्वाचित हुए, जबकि उसके समर्थित चार निर्दलीय पार्षद भी जीतकर आए। इस लिहाज से भाजपा समर्थित खेमे के पास कुल 14 पार्षदों का समर्थन था, जो 20 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए जरूरी 11 के आंकड़े से अधिक था। इसके बावजूद अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी गीता को एक भी मत नहीं मिला। वहीं पार्टी से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे घनश्याम सदावत को 12 वोट मिले।

भाजपा ने गीता को बनाया प्रत्याशी

अध्यक्ष पद के लिए टिकट वितरण के दौरान भाजपा ने घनश्याम सदावत और रमाकांत शर्मा को दरकिनार करते हुए पहली बार पार्षद चुनी गईं गीता को प्रत्याशी बनाया। टिकट नहीं मिलने के बाद घनश्याम सदावत ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का फैसला किया। वहीं दूसरी ओर रालोपा के सात और कांग्रेस के तीन पार्षद चुनाव जीतकर आए थे। भाजपा के एक बागी पार्षद का समर्थन भी रालोपा-कांग्रेस खेमे को मिला। इस तरह इस गठबंधन के पास 11 पार्षद हो गए थे, जबकि जीत के लिए 11 का आंकड़ा जरूरी था।

एक वोट से आरएलपी की जीत

मूण्डवा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में अलका कंदोई ने 13 वोट हासिल किए। वहीं भाजपा से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरे घनश्याम सदावत को 12 वोट मिले। इस तरह अलका कंदोई ने महज एक वोट के अंतर से जीत दर्ज की।

लगातार दूसरी बार संभालेंगी पालिका की कमान

अलका कंदोई की यह लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले भी वह मूण्डवा नगर पालिका की अध्यक्ष रह चुकी हैं। अब एक बार फिर आरएलपी के समर्थन से उन्होंने पालिकाध्यक्ष की कुर्सी हासिल की है। वहीं भाजपा प्रत्याशी गीता को एक भी वोट नहीं मिलने से पार्टी के लिए यह परिणाम चर्चा में है। खास बात यह रही कि मतदान में उन्हें स्वयं का वोट भी नहीं मिला।

Updated on:
21 Sept 2026 04:53 pm
Published on:
21 Sept 2026 04:28 pm