नागौर

सुरक्षा में लापरवाही, रीको में अधिकतर फैक्टरियां बिना फायर एनओसी के संचालित

व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, फैक्टरियों में आग बुझाने के उचित संसाधन नहीं होने से हो रहा बड़ा नुकसान, उद्यमी नहीं कर रहे नियमों की पालना, नगर परिषद कई बार दिए नोटिस
2 min read
Mar 10, 2026
दाल मिल में लगी आग
दाल मिल में लगी आग

नागौर. रीको औद्योगिक क्षेत्र में संचालित अधिकतर फैक्टरियां बिना फायर एनओसी के संचालित हो रही है। इससे लगातार बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में नगर परिषद ने कई बार उद्यमियों को नोटिस थमाए, लेकिन वे अग्नि सुरक्षा नियमों की पालना नहीं कर रहे हैं। फैक्टरियों में पर्याप्त फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं होने से आग लगने की घटना होने पर भारी नुकसान का खतरा बना हुआ है।

नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार रीको क्षेत्र में संचालित कई ऑयल मिल, मसाला फैक्टरी और दाल मिलों में नेशनल बिल्डिंग कोड 2016 के फायर एंड सेफ्टी से जुड़े प्रावधानों की पालना नहीं हो रही है। इन इकाइयों को अग्निशमन उपकरण और आवश्यक तकनीकी मानकों की पूर्ति कर फायर एनओसी लेने के कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं। अधिकांश संचालक इस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

इनके लिए एनओसी अनिवार्य

गौरतलब है कि राज्य सरकार की ओर से 16 अप्रेल 2024 को जारी आदेश के तहत होटल, रिसोर्ट, हॉस्पिटल, कॉलेज, मॉल, कॉम्पलेक्स, वेयरहाउस, कॉल्ड स्टोरेज, विवाह स्थल, मैरिज गार्डन, गेमिंग जोन, बैंक, सिनेमा हॉल और पेट्रोल पंप सहित सभी बड़े संस्थानों के लिए फायर एनओसी अनिवार्य की गई है। यदि इन स्थानों पर आगजनी की घटना होती है तो संभावित जनहानि और आर्थिक नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित संचालक की होगी।

औद्योगिक क्षेत्रों में बेहद जरूरी

विशेषज्ञों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था बेहद जरूरी है, यहां ज्वलनशील पदार्थों का उपयोग अधिक होता है। सुरक्षा इंतजाम के अभाव में कभी बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन की रीको क्षेत्र की फैक्टरियों पर नजर है। इन पर सख्त कार्रवाई हो सकती है।

दाल मिल में लगी आग, पांच हजार का जुर्माना लगाया

गोगेलाव गांव में संचालित दाल मिल में सोमवार को शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। सूचना पर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और आग बुझाई। दमकलकर्मियों ने बताया कि दाल मिल में फायर सेफ्टी सिस्टम नहीं होने पर संचालक को नोटिस देकर पांच हजार का जुर्माना लगाया गया। रीको क्षेत्र की कई फैक्टरियों में आग बुझाने के उपकरण या तो मौजूद नहीं हैं या फिर पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में बड़ी आग लगने पर हालात बेकाबू हो सकते हैं।

नोटिस की पालना नहीं

रीको क्षेत्र की ज्यादातर फैक्टरियों में फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं है । इस संबंध में उद्यमियों को कई बार नोटिस दिए जा चुके हैं, इसके बावजूद वे गंभीरता नहीं दिखा रहे। इस मामले में रीको के क्षेत्रीय प्रबंधक को गंभीरता दिखानी चाहिए। मजबूरन फैक्टरियों को सीज करना पड़ेगा।

- कालूराम, अग्निशमन अधिकारी, नगर परिषद, नागौर

सभी को पत्र जारी करेंगे

रीको क्षेत्र के सभी उद्यमियों को पत्र जारी कर फायर एनओसी लेने के लिए पाबंद किया जाएगा। नहीं लेने वालों के खिलाफ नियमानुसर कार्रवाई होगी।

- राजीव अग्रवाल, क्षेत्रीय प्रबंधक, रीको, नागौर।

Updated on:
10 Mar 2026 12:07 pm
Published on:
10 Mar 2026 12:06 pm