
नागौर. जिले में बच्चों के टीकाकरण में बरती जाने वाली लापरवाही व कौताही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब तक मात्र 73 प्रतिशत ही टीकाकरण होना चिंता का विषय है। सभी बीसीएमओ इस बात की सुनिश्चितता तय करें कि उनके क्षेत्र में कोई बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहे। इसके लिए सभी चिकित्साकर्मियों का सहयोग लें। यह बात कलक्टर कुमारपाल गौतम ने बुधवार को स्वास्थ्य भवन में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कही। कलक्टर ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे समय-समय पर टीकाकरण की क्रॉस चैकिंग भी करें।
कलक्टर गौतम ने कहा कि जिले में उप स्वास्थ्य केन्द्र स्तर तक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक समृद्ध किया जाए, इसके लिए एएनएम को उनका मैडेंट समझाएं। उन्होंने संस्थागत प्रसव व टीकाकरण का लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य कार्य को हर हाल में पूरा करना है।
कलक्टर गौतम ने सभी बीसीएमओ को निर्देश दिए कि एएनएम को हैल्थ इंडीकेटर्स के हिसाब से अपनी रिपोर्टिंग भी अपडेट रखने के लिए पाबंद किया जाए ताकि लक्ष्य समय पर पूरे हो सके। उन्होंने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इससे जुड़े सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों से लाभार्थी मरीजों का पूरा रिकॉर्ड अपडेट रखवाया जाए। कलक्टर ने कहा कि भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना में कैशलेस ईलाज पाने वाले मरीजों से यदि किसी निजी अस्पतालों ने पैसे लिए हैं या फिर पैकेज में किसी तरह की गडबड़ी की है तो शिकायत मिलने पर उसके विरूद्ध कार्रवाई करें। राजश्री योजना की समीक्षा करते हुए गौतम ने कहा कि इसमें लाभार्थी महिला को प्रोत्साहन राशि का भुगतान करने में किसी तरह की कौताही न बरती जाए।
बैठक में सीएमएचओ डॉ. सुकुमार कश्यप ने सभी विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पर प्रकाश डाला। कलक्टर ने निशक्तजन पोर्टल पर डिजिटल हस्ताक्षर से प्रमाण पत्र जारी किए जाने की कार्य की समीक्षा की। उन्होंने इस कार्य में कम प्रगति वाले ब्लॉक के बीसीएमओ को सात दिन में अपना लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीशराम चौधरी ने परिवार कल्याण कार्यक्रम की पूरी प्रगति रिपोर्ट रखी और आगामी नसबंदी कैम्पों की कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी। बैठक में डीडवाना के बीसीएमओ डॉ. एके शर्मा, लाडनूं के बीसीएमओ डॉ. राकेश जैन, डेगाना बीसीएमओ डॉ. आरके सारण, नागौर बीसीएमओ डॉ. महेन्द्रसिंह मीना, जायल बीसीएमओ डॉ. राजाराम शर्मा, कुचामन बीसीएमओ डॉ. मोतीराज चौधरी, रियांबड़ी बीसीएमओ डॉ. प्रभुसिंह राठौड़, आरसीएचओ कार्यालय की डॉ. मनीषा चौधरी तथा डबल्यूएचओ के प्रतिनिधि डॉ. मोनिन्द्र शर्मा सहित कुचामन एवं डीडवाना के राजकीय उप जिला अस्पताल के पीएमओ सहित सभी खण्डों के ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर, सीएचसी तथा पीएचसी प्रभारियों ने भाग लिया।
निरोगो नागौर पुस्तिका का विमोचन
कलक्टर गौतम ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न येाजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी के लिए प्रकाशित करवाई गई आईईसी बुकलेट 'निरोगो नागौरÓ पुस्तिका का विमोचन किया। पुस्तिका विमोचन में प्रशिक्षु आईएएस डॉ. अमित यादव, सीएमएचओ डॉ. कश्यप, आरसीएचओ डॉ. मुश्ताक अहमद तथा उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक यादव तथा एनएचएम के डीपीएम राजीव सोनी उपस्थित रहे। इस मौके पर एनएचएम के डीएनओ भवानीसिंह हापावत, एपीडेमोलोजिस्ट साकिर खान, जिला आईईसी समन्वयक हेमन्त उज्जवल, एनसीडी के जिला कार्यक्रम समन्वयक प्रेमशंकर शर्मा आदि मौजूद थे।