
मो.अकरम
मकराना. संगमरमर उद्योग पर संकट गहरा रहा है। विदेश से आयातित पत्थर सहित देश की अन्य मार्बल मण्डियों से मिल रही प्रतिस्पर्धा के चलते पहले से ही मार्बल उद्योग की हालत खस्ता है। इसके चलते खानधारी, मार्बल व्यवसायी एवं मार्बल से जुड़े श्रमिकों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। नोटबंदी, जीएसटी तथा रॉयल्टी की बढ़ी दरें लागू होने से पत्थर तराशने के कई कारखाने बंद हो जाने से सैकड़ों श्रमिक बेरोजगार हो गए। ऐसे में कई श्रमिक खाटू व जोधपुर के पत्थरों पर कार्य करने से उड़ रही धूल सिलिकोसिस बीमारी के आगोश में ले रही है।
मजबूरी ने मौत के मुंह में धकेला
पूर्व में मकराना के संगमरमर पत्थर पर कार्य कर रहे एवं वर्तमान में यहां कई कारखानों के बंद होने से मजबूरी में रोजी-रोटी की तलाश में प्रदेश के अन्य शहरों में खाटू एवं जोधपुर के पत्थरों को तराशने का कार्य कर सिलिकोसिस की चपेट में आए मिण्डकिया रोड़ निवासी गोपाल खटीक, पीर की दरगाह गली नम्बर 4 निवासी मोहम्मद हुसैन शाह, माताभर रोड़ हिम्मत कॉलोनी निवासी मोहम्मद फरीद शाह, अब्दुल रसीद शाह एवं अब्दुल कयूम सांई ने बताया कि गत वर्षो से वे सिलिकोसिस की बीमारी से ग्रस्त है जिसके चलते सांस का उठाव, सीने में दर्द, घबराहट, बेचैनी, खांसी, सिर चकराना, आंखो के सामने अंधेरा छा जाना आदि आम है।
बिस्तर तक सिमटी जिंदगी
लगनशाह पानी की टंकी के पास किराए के मकान में अपनी बुजुर्ग मां सायरा बानो, पत्नी अफसाना एवं दो छोटे बच्चों के साथ रह रहे बबलू सांई ने बताया कि यहां रोजगार ? बंद होने से मजबूरीवश खाटू के पत्थरों से हैण्डीक्राफ्ट कारखाने में वह मजदूरी करने लगा, जिससे वह बीमारी की चपेट में आ गया। जगह-जगह उपचार करवाने के बावजूद भी बिस्तर ही अब उसकी दुनिया बन गई है। चिकित्सकों ने उसे टीबी के साथ यह भी बताया कि लाल पत्थर के कण उसके फेफड़ों में जमे हैं। इसी तरह सायरा ने बताया कि परिवार के इकलौते कमाऊ बेटे के बीमारी के चपेट में आने से वह मोहल्लेवासियों के गुदड़ी सिल जैसे-तैसे परिवार का गुजारा चला रही है।
सरकारी सहायता से दूर
सिलिकोसिस पीडि़त मरीजों ने बताया कि सरकारी सहायता एवं समस्या समाधान को लेकर उनके जिला कलक्टर कार्यालय में भी मय दस्तावेजों के पूर्व में अवगत कराने के बावजूद आज दिन तक उन्हें कोई सहायता नहीं मिली है साथ ही भामाशाह कार्ड से चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी वे वंचित है।ज्यादा पैसे का लालच
क्षेत्र में संगमरमर पत्थर तराशने के कारखाने में घड़ाई (पत्थर तराशने) श्रमिकों का वेतन कम होने पर जिन कारखानों में खाटू एवं जोधपुर के पत्थर को तराशने का कार्य किया जाता है। वहां अपेक्षाकृत अधिक मजदूरी होने पर भी कई-कई श्रमिक वहां ज्यादा पैसों के लालच में कार्य करने पहुंच जाते हैं।गत दिनों सिलिकोसिस पीडि़त की मौत
जोधपुर एवं खाटू में पत्थर की खानों में लम्बें समय तक काम करने से वार्ड १९ शाह मस्जिद के सामने निवासरत अब्दुल हकीम उर्फ कालू के सिलिकोसिस की चपेट में आने से गत 8 नवम्बर को उसकी मृत्यु हो गई थी।
इनका कहना है
आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाने पर पीडि़त को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुकेश चौधरी, एसडीएम
कार्य के दौरान लाल पत्थर से उड़ रही धूल के शरीर के भीतर प्रवेश करने पर इससे फेफड़ों में जाले बन जाते है जो शरीर के प्रयास करने के बावजूद भी नहीं हट पाते। जिससे सिलिकोसिस के साथ टीबी भी हो जाती है एवं फेफड़ों की क्षमता कम होने से रोगी की मौत भी हो जाती है।डॉ. श्रवण नायक, राजकीय चिकित्सालय