www.patrika.com/rajasthan-news/
नागौर।
राजस्थान पुलिस महकमे में कांस्टेबल पदों के लिए दो दिन में आयोजित करवाई गई लिखित परीक्षा रविवार को शांतिपूर्वक सम्पन्न हो गई, लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद वापस लौटते समय अभ्यर्थियों ने ट्रेनों व बसों में काफी उत्पात मचाया। पुलिस महकमे के अधिकारी कॉपियां एकत्र कर जमा करवाने में व्यस्त रहे और पुलिसकर्मी दो दिन की थकान होने के कारण स्टेशनों एवं बस स्टैण्डों तक नहीं पहुंच पाए, जिसका फायदा उठाते हुए परीक्षार्थियों ने काफी हुड़दंग मचाया।
नागौर जिला मुख्यालय सहित डीडवाना, कुचामन, लाडनूं व मेड़ता शहर के कुल 21 केन्द्रों पर दूसरे दिन भी करीब 19 हजार परीक्षार्थियों ने भाग्य आजमाया। जिले में दोनों दिनों की चार पारियों में साढ़े 38 हजार परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 9 हजार 448 यानी करीब 20 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कांस्टेबल भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा का सफल आयोजन कराने के लिए की गई कसरत से पुलिस की भी परीक्षा हो गई। दूसरे दिन भी दो पारी में आयोजित करवाई गई परीक्षा से पहले प्रत्येक परीक्षार्थी की पूरी जांच-पड़ताल एवं पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए कांस्टेबल से लेकर पुलिस अधिकारी सब सतर्क नजर आए।
हालांकि परीक्षा से पूर्व अभ्यर्थियों को पुलिस विभाग की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन कई अभ्यर्थी पूरी आस्तीन शर्ट व कुर्ता, गहने पहनकर परीक्षा देने पहुंच गए, जिनके शर्ट, गहने प्रवेश द्वार पर ही खुलवाए गए। जिले में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शांतिपूर्वक सम्पन्न होने पर पुलिस अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
गौरतलब है कि परीक्षा से पूर्व जोधपुर में पकड़े गए नकल गिरोह एवं शनिवार को डीडवाना में गिरफ्तार दो झांसेबाजों के बाद पुलिस अधिकारी और अधिक सतर्क हो गए। पुलिस के लिए कांस्टेबल भर्ती परीक्षा सफलता पूर्वक आयोजित करवाना एक चुनौती बन गई थी।
फेक्ट फाइल प्रथम पारी 21 केन्द्र कुल अभ्यर्थी - 11988 उपस्थित - 10169 अनुपस्थित - 1819 उपस्थित प्रतिशत - 84.82 दूसरी पारी 21 केन्द्र कुल अभ्यर्थी - 11988 उपस्थित - 8824 अनुपस्थित - 3163 उपस्थ्िति प्रतिशत - 73.60 कुल दोनों दिनों के कुल पंजीकृत अभ्यर्थी - 47952 परीक्षा में बैठे - 38504 उपस्थिति प्रतिशत - 80.30
कई अभ्यर्थियों ने बनियान में दी परीक्षा प्रवेश पत्र में निर्देश अंकित करने के बावजूद कई अभ्यर्थी पूरी आस्तीन की शर्ट पहनकर परीक्षा देने पहुंच गए, जिन्हें केन्द्र में प्रवेश करने से पहले अपनी शर्ट उतारनी पड़ी, जिसके कारण कई अभ्यर्थियों को बनियान में परीक्षा देने पड़ी। शनिवार को पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए भेदभाव का समाचार प्रकाशित होने के बाद रविवार को अधिकारियों ने सख्त निर्देश दिए कि किसी भी अभ्यर्थी को छूट प्रदान नहीं की जाए। इसको देखते हुए रविवार को पुलिसकर्मियों ने अभ्यर्थियों की सख्ती से जांच पड़ताल के बाद ही प्रवेश दिया।
दूसरे दिन उलट रही स्थिति कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में शनिवार को जहां प्रथम पारी की तुलना में द्वितीय पारी में अभ्यर्थियों की उपस्थिति करीब एक हजार ज्यादा रही, वहीं दूसरे दिन रविवार को स्थिति उलट रही। रविवार प्रथम पारी की तुलना में द्वितीय पारी में 1345 अभ्यर्थी कम उपस्थित हुए। प्रथम पारी में जहां 10 हजार 169 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, वहीं द्वितीय पारी में मात्र 8 हजार 824 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए।
ट्रेन पर चढ़े, मचाया उत्पात
कांस्टेबल परीक्षा सम्पन्न होने के बाद वापस घर लौटते समय अभ्यर्थियों ने ट्रेन एवं बसों में काफी उत्पात मचाया। शाम को जयपुर की ओर लौटते समय अभ्यर्थी लीलण एक्सप्रेस की छत पर बैठ गए और गच्छीपुरा, डेगाना, मेड़ता, मकराना सहित अन्य स्टेशनों पर ट्रेन रूकने पर नीचे उतरकर लोगों पर पत्थर भी फेंके। इसी प्रकार बसों में भी जगह नहीं मिलने पर परीक्षार्थी छतों पर चढ़ गए।