नागौर

रश्मि की हत्या के विरोध में जुलूस निकाला

उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन देकर जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने की मांग
2 min read
Jul 19, 2018
nawa News
nawa News

नावां शहर. कुचामन सिटी में रश्मि गौड़ हत्याकांड के अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर गुरुवार को सर्वसमाज के नागरिकों व शहीद भगतसिंह कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी मुकेश चौधरी को ज्ञापन देकर जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है।
सर्व समाज के लोगों ने तहसील परिसर में एकत्रित होकर रश्मि की आत्मा शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन में बताया कि कुचामन में उपखण्ड कार्यालय के पास पन्नालाल गौड़ के मकान में अज्ञात युवकों ने घुस कर उनकी पुत्री रश्मि गौड़ पर हमला कर हत्या कर दी। तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ओर से अपराधियों को गिरफ्तार करने तो दूर उनकी पहचान तक नहीं की गई है। जिससे सर्वसमाज में काफी रोष है। अपराधियों की ओर से दिनदहाड़े किसी घर में घुसकर महिला की हत्या कर दी जाती है यह कानून व प्रशासन की निष्क्रियता को प्रदर्शित करता है। लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों कि गिरफ्तारी की मांग की है तथा शिघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आन्दोलन करने की चेतावनी दी गई। इसके पश्चात सर्वसमाज के लोगों व नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने तहसील परिसर से पुराने बस स्टैण्ड तक जुलूस निकालकर नारेबाजी की। इसके पश्चात पुराने बस स्टैण्ड पर थानाधिकारी मुकेश चौधरी को ज्ञापन देकर बताया कि पुलिस की मुख्य ध्येय अपराधियों में डर व आमजन में विश्वास थोथा साबित हो रहा है। घटना के घटित होने के तीन दिवस के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ भी नहीं लगा है इससे पुलिस की निष्क्रियता सामने आ रही है। इस पर मुकेश चौधरी ने बताया कि पुलिस अपनी कार्रवाई पूर्ण निष्ठा व ईमानदारी के साथ कर रही है। अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने थानाधिकारी को कहां कि आज के समय पर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं है। लोग महिलाओं में घर में घुस कर मार देते है तो सडक़ों पर हम स्वयं को कैसे सुरक्षित समझे। इस पर थानाधिकारी ने बताया कि यह कार्य किन्ही असामाजिक तत्वों की ओर से किया गया है तथा पुलिस व कानून व्यवस्था से बचकर नहीं जा सकते है। महिलाएं सुरक्षित है तथा आपकी सुरक्षा का दायित्व भी हमारा है। थानाधिकारी ने सर्वसमाज के लोगों को जल्द कार्रवाई होने के लिए आश्वस्त किया। इस अवसर पर गौड़ समाज के तहसील अध्यक्ष गिरीराज गौड़, सचिव सुरेन्द्र गौड़, शहीद भगतसिंह ग्रुप ऑफ कॉलेज के निदेशक अनिल गौड़, बजरंगी ग्रुप के अध्यक्ष संदीप यादव, कुमावत समाज के कोषाध्यक्ष तुलसीराम राजस्थानी, खाण्डल विप्र समाज से सीताराम मंगलयारा, हरिओम प्रसाद शर्मा, खटीक समाज से आनन्दीलाल, जैन समाज के अध्यक्ष नवीन गोधा, परमार्थ सेवा समिति के अध्यक्ष प्रीतम जोशी, माहेश्वरी समाज से उत्तमचन्द बियाणी सहित शहर के समस्त समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Published on:
19 Jul 2018 06:39 pm