6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

युवती की हत्या, थाने के सामने किया प्रदर्शन

जिला पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपा ज्ञापन, उपखण्ड कार्यालय के सामने एक मकान में युवती को बंधक बनाकर पीट-पीट कर हत्या कर देने का मामला

2 min read
Google source verification
nagaur news

कुचामनसिटी. युवती के हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वार्ता करते पदाधिकारी।

नागौर./कुचामनसिटी. शहर के उपखण्ड कार्यालय के सामने स्थित एक मकान में तीन दिन पहले युवती को बंधक बनाने के बाद पीट-पीट कर मार देने के मामले में पुलिस के हाथ अब भी खाली है। एफएसएल टीम व डॉग स्क्वायड सहित पुलिस अधिकारी मौका मुआयना कर चुके हैं। इसके बाद भी पुलिस के हाथ हत्यारों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। इस मामले में शहर की अस्पताल रोड स्थित गौड़ भवन में सर्व समाज के लोगों ने पहले बैठक की फिर पुलिस थाने पहुंच कर आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान लोगों ने जिला पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। इधर, राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत उपशाखा के पदाधिकारियों ने भी रश्मि गौड़ को श्रद्धाजंलि अर्पित कर गहरी संवेदना प्रकट की है। रश्मि गौड़ की मौत होने के बाद बुधवार को एसडीएम कार्यालय के पास की सभी दुकानें बंद रही। मामले को लेकर क्षेत्र के लोगों ने बुधवार को पुलिस कार्रवाई पर सवालिया निशान लगाते हुए गहरा आक्रोश व्यक्त किया। अस्पताल रोड स्थित गौड़ भवन में ब्राह्मन समाज सहित सर्वसमाज के लोगों ने बैठक का आयोजन किया। बैठक में ज्ञानाराम रणवां, विजय महर्षी, एसएस डाबड़ा, राजकुमार गौड़, जयप्रकाश शर्मा, गोविन्द कुमावत, राजकुमार मूंड, प्रदीप गौड़, गिरीराज खरीट, घनश्याम गौड़, रफीक खान सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद सभी लोग पुलिस थाना पहुंचे। जुलूस के रूप में पुलिस थाने पहुंचे लोगों ने थाने के सामने प्रदर्शन किया। रश्मि का शव जहां थाने के सामने एंबुलेंस में रखा था वहीं लोगों ने एकबार रास्ता जाम करने का प्रयास किया। थानाधिकारी यशदीप भल्ला सहित पुलिस ने आक्रोशित लोगों से समझाइश की। लोग जल्द से जल्द हत्यारों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग कर रहे है। पुलिस के आश्वासन के बाद मृतक रश्मि का अंतिम संस्कार किया गया।

अधिकारियों से चर्चा
इसके बाद ज्ञानाराम रणवां, विजय महर्षी, एस.एस.डाबड़ा सहित अन्य ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमनलाल मीना से भी वार्ता की। मीना ने कहा कि पुलिस मामले को लेकर गंभीरता से अपराधियों तक पहुंचने में जुटी हुई है। घटना की प्रत्येक एंगल से जांच की जा रही है, जल्द ही वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे। इस दौरान लोगों ने पुलिस को कहा कि यदि जल्द ही वारदात के आरोपी पकड़ में नहीं आते है तो सर्वसमाज के लोगों की ओर से उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।

आज निकाला जाएगा कैंडल मार्च
रश्मि गौड़ की दिन दहाड़े घर में घुसकर गंभीर मारपीट की गई। जिसकी इलाज के दौरान जयपुर में मौत हो गई। रश्मि को न्याय दिलाने और हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए कुचामन में सर्व समाज की ओर से कैंडल मार्च निकाला जाएगा। राजस्थान ब्राह्मण महासभा प्रदेश प्रवक्ता एवं आरक्षण मंच के प्रदेश संयोजक विजय महर्षि, महासभा के तहसील अध्यक्ष घनश्याम गौड़ ने बताया की गुरूवार को सांय 7 बजे से बस स्टैण्ड पर रश्मि को न्याय दिलाने के लिए कैंडल मार्च निकाला जाएगा। जिसमें विप्र समाज सहित सभी समाज के लोग जस्टिस फॉर रश्मि मुहिम में शामिल होंगे। कैंडल मार्च में कुचामन सहित डीडवाना, मौलासर, परबतसर, नांवां, मकराना क्षेत्र के लोग भी शामिल होंगे।