ईरान-इजरायल युद्ध के बीच ओमान में क्रूड ऑयल के जहाज पर हुए मिसाइल हमले के बाद राजस्थान के नागौर जिले का एक युवक लापता हो गया है। युवक के बारे में मौत की खबरें सामने आने के बाद से परिजन बेहद चिंतित हैं और अब तक उसका कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल पाया।
Iran-Israel War: इजरायल युद्ध के दौरान ओमान में एक क्रूड ऑयल कंपनी के जहाज पर हुए मिसाइल हमले के बाद से लापता मर्चेन्ट नेवी में कार्यरत नागौर जिले के खींवताना निवासी दलीप सिंह का सुराग नहीं लगा है। ओमान एमबीसी और नेवी कंपनी ने तलाशी अभियान जारी होने की परिजनों काे दिलासा दी है।
घटना को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल व राजसमंद सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र भेजकर युवक की तलाश कर वस्तुस्थिति स्पष्ट कराने की मांग की है। सांसद ने संबंधित दूतावास को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया है, ताकि लापता युवक के संबंध में सटीक जानकारी मिल सके।
डेगाना विधायक अजय सिंह किलक ने भी उच्चाधिकारियों से बात की है। गांव के दयालराम जाखड़ ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर सरकार और संबंधित कंपनी को ई-मेल भेजा है।
दलीप के छोटे भाई देवेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार को ओमान एमबीसी और क्रूज कंपनी के मालिक से फोन पर बात हुई। उन्होंने बताया है कि दलीप को खोजने के लिए अभियान जारी है। परिजनों की चिंता बढ़ रही है।
दलीप की मां ने पिछले दो दिन से भोजन नहीं किया। इससे गुरुवार को उसकी तबीयत बिगड़ी गई । स्थानीय डॉक्टर उसका उपचार कर रहे हैं।