
नागौर. राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर मध्यप्रदेश के मण्डला जिले के रामनगर में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यक्रम रोल के ग्रामीणों को अटल सेवा केन्द्र पर प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया। गांवों के विकास में स्थानीय जन प्रतिनिधियों, सरकारी कार्मिकों, समाजसेवक और आमजन की सक्रिय भागीदारी बढ़ाकर ग्रामीणों को कल्याणकारी योजनाओं से जोडऩे के लिए भारत सरकार के फील्ड आउटरीच ब्यूरो, जोधपुर की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जागरुकता कार्यक्रम को प्रभावी बनाने में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी राजेश मीणा, रोल ग्राम सेवक मुख्तयार सिंह, समाजसेवी भींवसिंह ने सहयोग किया । जल संरक्षण और वर्षा जल संग्रहण का महत्व बताते हुए क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी मीणा ने कहा कि घटती बरसात और गिरते भूजल स्तर के कारण जीवन का आधार पानी का सदुपयोग करना हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। गर्मियों में कम से कम 4 या 5 महीने का पानी सबके पास उपलब्ध रहना चाहिए। इसे हम घरेलू एवं सामुदायिक स्तर पर संभव बना सकते हैं। हम घर की छत को टांके से जोड़कर, एनिकट, तालाब, कुओं और बावडिय़ों में वर्षा जल का संग्रहण कर सकते हैं।
वर्षा जल संग्रहण जरुर करें
उन्होंन बताया कि 200 मिमी बरसात होने पर 50 वर्गमीटर की छत को टांके से जोड़कर 8 हजार लीटर पानी संग्रहित किया जा सकता है। यह पानी आठ सदस्यों के परिवार को वर्ष भर तक पर्याप्त रहेगा। इसके अलावा उपलब्ध पानी का नमूना ले जाकर जल स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग या संबंधित एजेन्सियों से उसकी गुणवत्ता की जांच करवा लेनी चाहिए। जल संरक्षण और वर्षा जल संग्रहण के लिए ग्रामीणों के साथ संकल्प लिया गया व पोस्टर पर हस्ताक्षर करवाए गए। मीणा ने कहा कि बेटियों को बचाने, पढाने और आगे बढाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे चाहे तो कन्या भू्रण हत्या जैसा घिनौना अपराध रोका जा सकता है।
बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण करवाएं
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना बेटियों का भविष्य सुरक्षित रखने और माताओं को स्वस्थ्य रखने के लिए टीकाकरण महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। इन्द्रधनुष मिशन के तहत 2 वर्ष तक के बच्चों का सम्पूर्ण टीकाकरण अवश्य करवाना चाहिए, ताकि उन्हें घातक बीमारियों से बचाया जा सके। जानकारी को प्रेरक बनाने के लिए निदेशालय की और से मौखिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। सही जवाब देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। जन चेतना अभियान के दौरान बालवा ग्राम पंचायत के कृष्णपुरा एवं चक घिसनियाडोर में संवाद, प्रदर्शनी और चलचित्र प्रदर्शन के माध्यम से जल संरक्षण पर प्रेरक जानकारी दी।