नागौर

राजस्थान में इनको लेकर आई ये बड़ी खबर, चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात, लगाई गई धारा 144

कर्नाटक चुनावी खुशी के बीच राजस्थान में इनको लेकर आई ये बड़ी खबर, चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात, लगाई गई धारा 144
3 min read
• •
Updated: 15 May 2018, 2:21 PM IST
karnatak

नागौर/लाडनूं। लाडनूं में मंगलवार को मेघवाल समाज की होने वाली सभा में आमन्त्रित बड़गांव विधायक जिग्नेश मेवाणी के आने के कार्यक्रम के चलते धारा 144 लगा दी गई है। पुलिस ने सभास्थल को कब्जे में ले लिया है। साथ ही क्षेत्र के चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात कर दी गई है। इसके अलावा रेलेव स्टेशन पर भी पुलिस का जाप्ता तैनात कर दिया गया है। यहां आयोजनकर्ता भूमिगत हो गए हैं। आपको बता दें कि गत दिनों नागौर के मेड़ता रोड में मेवाणी को आने से रोक दिया गया था। इसके लिए मेवाणी को जयपुर में ही नोटिस दे दिया गया था। पुलिस व इंटेलीजेंस के अनुसार विधायक मेवाणी के आने से माहौल बिगड़ने की आशंका है।

खैरथल कस्बे में भी लगी धारा 144
अलवर जिला प्रशासन ने भी खैरथल कस्बे में कानून व्यवस्था के लिए 13 मई रात 12 बजे से अगले दिन रात 12 बजे तक के लिए धारा 144 लागू की थी। किशनगढ़बास उपखंड अधिकारी ने देर रात धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए। गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी के क्षेत्र में दौरे की आशंका के चलते प्रशासन नेे यह कदम उठाया था। उच्च स्तर से आए निर्देश के बाद तुरत-फुरत में शनिवार रात को आदेश जारी किए गए। 2 अप्रेल को बंद के दौरान खैरथल में हुई हिंसा के बाद प्रशासन यहां हर गतिविधि पर नजर रखे हुए था।

इससे पहले भी मेवाणी को राज्य में अन्य जगहों पर कार्यक्रम आयोजित करने से रोका जा चुका है। इधर, मेवाणी के दौरे की कहीं पर भी पुष्ट जानकारी नहीं है। किशनगढ़बास के एसडीएम सुभाष यादव ने धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए थे। देर रात तक पूरा जिला प्रशासन इसे लेकर चर्चा करता रहा और अंत में धारा 144 लागू करने के आदेश दिए गए। नीमराणा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु का कहना था कि मेवाणी के कार्यक्रम की अधिकृत सूचना नहीं है। कुछ बाहरी लोग क्षेत्र में माहौल बिगाडऩा चाहते हैं। इसलिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वितीय बीएल रमण ने बताया कि खैरथल नगर पालिका क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए किशनगढ़बास एसडीएम ने धारा 144 लागू की। इस दौरान खैरथल नगर पालिका क्षेत्र में बिना अनुमति के सभा, जुलूस एवं रैली आदि आयोजनों पर प्रतिबंध रहा। उन्होंने बताया कि यह निर्णय खैरथल क्षेत्र में कुछ बाहरी लोगों के पहुंचने की आशंका के चलते किया गया। प्रशासन को आशंका है कि मेवाणी व अन्य लोगों के झाडोली गांव में मृतक पवन के घर जाने के बाद खैरथल में सभा आयोजित की जा सकती थी।

पिता ने कहा, जानकारी नहीं

गत दिनों भारत बंद के मृतक पवन के पिता जल्ला राम ने भी रविवार को उनके गांव झाडोली में किसी भी आयोजन से इनकार किया। वहीं जिग्नेश मेवाणी व अन्य किसी नेता को बुलाने या पहुंचने की जानकारी से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया। मृतक के पिता जल्ला राम का कहना है कि वह अपने मृतक पुत्र को लेकर कोई कार्यक्रम नहीं कर रहे।

भीलवाड़ा में भी था कार्यक्रम
गुजरात के निर्दलीय विधायक तथा राष्ट्रीय दलित अधिकार मंच के मुखिया जिग्नेश मेवाणी 13 मई को राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे थे। भीलवाड़ा के करेड़ा में 14 मई को उनकी जनसभा थी, लेकिन प्रशासन ने करेड़ा की जनसभा में उनके जाने पर पाबंदी लगा दी। इससे सामाजिक संगठनों में आक्रोश था।

नागौर में पहले भी रोका गया मेवाणी को
गौरतलब है कि 15 अप्रेल को नागौर जिले के मेड़ता रोड कस्बे में आयोजित सभा में जिग्नेश मेवानी के जाने पर न केवल प्रतिबंध लगा दिया गया था, बल्कि उनको जयपुर एयरपोर्ट पर ही रोककर वापस भेज दिया गया था। जिग्नेश मेवानी ने टीम राजस्थान की ओर से 1 अप्रेल को जयपुर में आयोजित एक सम्मेलन में करेड़ा में एससी-एसटी पर अमानवीय अत्याचार पर एक फैक्ट फाइंडिंग रिपोर्ट पर 14 मई को करेड़ा चलने का आह्वान किया था। उसी सिलसिले में मेवानी की करेड़ा में जनसभा रखी गई है।

शांति भंग होने की आशंका

करेड़ा में जिग्नेश की रैली और सभा के लिए बनी आयोजन समिति के सदस्य बाबू लाल चावला ने 4 मई को उपखंड अधिकारी और थानाधिकारी करेड़ा को लिखित आवेदन दे कर 14 मई को करेड़ा के हनुमान दरवाजा पर सभा और बीज गोदाम से सभा स्थल तक रैली की अनुमति चाही थी। चावला के जवाब में पुलिस ने 11 मई को देर शाम को आयोजको को बताया कि इलाके में शांति भंग की आशंका के चलते जिग्नेश मेवानी की सभा को अनुमति नहीं दी जा सकती।

भाजपा सरकार को चेताया

सामाजिक कार्यकर्ता भंवर मेघवंशी ने बताया कि दलित नेता जिग्नेश मेवानी को करेड़ा में हो रहे एससी-एसटी अत्याचार के मामलों के पीडि़तों से मिलने और यहां पर आयोजित सभा में आने से रोकना अनुचित है। उन्होंने कहा कि बार-बार जिग्नेश मेवानी की सभाओं को रोका जाना
ठीक नही है।

Published on: