https://www.patrika.com/nagaur-news/
-युवा मतदाताओं तय करेंगे उम्मीदवारों का भविष्य, जिले में सर्वाधिक 16.19 फीसदी युवा मतदाता
नागौर. जिले में आसन्न विधानसभा चुनाव में युवा मतदाता उम्मीदवारों का भाग्य तय करेंगे। दिसम्बर को होने वाले चुनाव में युवाओं की अहम भूमिका होगी। युवाओं का मूड इस बार जिले के उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य की इबारत लिखेंगे। जिले के दस विधानसभा क्षेत्रों में 20 से 29 आयु वर्ग के 6 लाख 14 हजार 312 मतदाता है। यह संख्या जिले की कुल जनसंख्या 36 लाख 80 हजार 861 का 16.19 प्रतिशत है, जो कि मतदाताओं में सर्वाधिक प्रतिशत है। जिले की अनुमानित जनसंख्या के अनुसार युवा (18 से 30 वर्ष)मतदाताओं की अनुमानित संख्या 8 लाख 41 हजार 976 होनी चाहिए जबकि यह आंकड़ा 7 लाख 6 हजार 124 है।
युवा वोटर समूह के पास बाजी
इस बार जिले में बड़ी संख्या में पहली बार वोट डालने वाले युवा भी शामिल रहेंगे। विधायकों को विधानसभा की चौखट तक पहुंचाने का दारोमदार इन युवा मतदाताओं पर भी रहेगा। जिले में 18 से 19 आयु वर्ग के 91हजार 812 युवा मतदाता है, जो कि कुल जनसंख्या का 2.49 प्रतिशत है। इसके अलावा 30 से 39 आयु वर्ग के 5 लाख 21 हजार 453 मतदाता है जो कि कुल जनसंख्या का 14.17 प्रतिशत है। जिले में 2018 के चुनावों में हवा जो भी हो, लेकिन युवा वोटर समूह का वोट सबसे ज्यादा मायने रखेगा। अब यह देखना होगा कि जिले का युवा प्रदेश की राजनीतिक बिसात पर क्या फैसला सुनाता है।
जिले में मतदाता एक नजर में
आयु वर्ग मतदाता
18-19 91812
20-29 614312
30-39 521453
40-49 470440
50-59 335726
60-69 193314
70-79 98285
80 + 39507
total 2364849
जिले में निषेधाज्ञा लागू
विधानसभा चुनाव-2018 को लेकर 6 अक्टूबर को घोषित कार्यक्रम के साथ लागू हुई आदर्श आचार संहिता के बाद अब 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि से नागौर जिले में धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट एवं कलक्टर कुमारपाल गौतम के आदेशानुसार जिले के सभी क्षेत्रों एवं वर्गों के मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का उपयोग कर सके, साथ ही असामाजिक व बाधक तत्वों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है।