नागौर

सर्द रात में चोरों की दस्तक

दो घंटे में दो गांवों में चोरी का प्रयास, सरपंच व भू राजस्व निरीक्षक के मकानों को बनाया निशाना

2 min read
Dec 31, 2017
Thieves knock at cold night
Thieves knock at cold night

कुचेरा. सर्दी बढऩे के साथ ही क्षेत्र में चोरों की दस्तक शुरू हो गई है। शुक्रवार को सर्द रात में चोरों ने दो घण्टे में सिंधलास व आकेली बी दो गांवों में दस्तक दी। हलांकि दोनों जगह जाग होने से चोरों को खाली हाथ लौटना पड़ा। दोनों गांवों दहशत का माहौल है।
चोर रात बारह बजे के करीब सिंधलास गांव में सिंधलास फांटा से आकेली बी, बच्छवारी सडक़ के पास स्थित भू राजस्व निरीक्षक रामनारायण जांगिड़ के मकान में नंगे पांव घुसे और दोनों कमरों की बाहर से कुण्डियां लगाकर रसोई के पिछवाड़े की खिडक़ी तोडऩे लगे। खिडक़ी तोडऩे की आवाज से घर के सदस्यों की नींद खुल गई। उन्होंने देखा तो वहां से भाग निकले। उसके बाद चोर आकेली बी में जगदीश ईनाणियां के घर में घुसे और छत के ऊपर बने कमरे में सामान बिखेरकर ६०० रुपए चुरा ले गए। वहां से वे आकेली बी में ही हिमताराम ईनाणियां के घर में घुसे और बोलेरो गाड़ी की चाबियां चुरा ले गए। रात्रि दो बजे के करीब आकेली बी गांव में बच्छवारी सरपंच जगदीश सिंह खोखर के घर में घुस गए। उनके मकान में बाहर से कुण्डियां लगाकर सीढ़ी के सहारे घर में घुसने लगे, लेकिन सरपंच की नींद खुल जाने से वहां से भी भाग निकले। सूचना पर कुचेरा पुलिस ने रात्रि में मौका मुआयना कर स्थिति का जायज लिया।
दो गांवों में सेंध लगाने के बावजूद चोरों को विशेष कुछ हाथ नहीं लगा। सिंधलास में भू रामजस्व निरीक्षक रामनरायण जांगिड़ के घर से उनकी चप्पलें व उनके भाई के जूते चुरा ले गए। आकेली बी में जगदीश ईनाणियां के घर से ६०० रुपए व हिमताराम ईनणियां के घर से बोलेरो की चाबियां चुरा ले गए। सरपंच, ग्रामीणों व पुलिस ने चोरों के बाहरी होने की आशंका जताई।
ग्रामीण करेंगे गश्त
गांव में चोरों की दस्तक के बाद बच्छवारी सरपंच ने ग्राम पंचायत क्षेत्र के आकेली बी, बच्छवारी व दुधड़ास एवं ढाणियों के ग्रामीणों को फोन पर सूचित कर रात्रि में गश्त करने तथा अजनबी व्यक्ति दिखते ही पुलिस को सूचित करने की अपील की है।
सोशल साइट ने बचाया लुटने से
सिंधलास में जांगिड़ के घर पर सब लोग सो गए थे, लेकिन उनके बच्चे सोशल मीडिया पर चेटिंग कर रहे थे। जैसे ही चोरों ने खिडक़ी तोड़ी, लगातार आवाज सुन रसोई में बिल्ली होने का शक कर उनकी बेटी व बहू वहां पहुंचे और बिल्ली को मारने के लिए लाठी लाने की बात कही तो चोर मौके से भाग निकले। बाहर से कुण्डियां लगी होने के कारण उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और बाहर निकलकर देखा तो खिडक़ी टूटी हुई थी।

Published on:
31 Dec 2017 06:52 pm