नागौर

खेत में खेलते-खेलते पैर फिसलने से पानी की डिग्गी में डूब गए दो मासूम, माैत

नागौर जिले के एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से दो मासूमों की मौत हो गई।

2 min read
Apr 15, 2018

खींवसर (नागौर)। ग्राम खुण्डाला के एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से शनिवार को दो मासूमों की मौत हो गई। दोनों बच्चे आपस में रिश्तेदार हैं। बच्चे खेत में खेलते-खेलते डिग्गी के पास पहुंच गए। इस दौरान पैर फिसलने से वो दोनों अन्दर जा गिरे। डिग्गी पानी से भरी होने के कारण दोनों की मौत हो गई।

परिजनों एवं ग्रामीणों को जानकारी लगी तो वेदोनों को खींवसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्राम खुण्डाला में स्थित एक नलकूप पर काश्त करने वाले धोलियाडेर के संतोष मेघवाल व भोजास के छगनाराम मेघवाल के बच्चे महेन्द्र व किशोर खेत में खेल रहे थे।

खेलते-खेलते वे डिग्गी के पास चले गए। चिकनी मिट्टी के कारण पैर फिसलने से दोनों डिग्गी के अन्दर चले गए। डिग्गी में पानी अधिक होने के कारण दोनों की डूबने से मौत हो गई। थोड़ी देर बाद जब परिजनों को बच्चे दिखाई नहीं दिए तो वह इधर-उधर तलाश करने पर बच्चों के पैरों के निशान डिग्गी की तरफ मिले तो उन्होंने डिग्गी में तलाश की तो बच्चे डूबे हुए मिले।

आनन-फानन में परिजन दोनों बच्चों को लेकर खींवसर के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर आए जहां चिकित्सक शिवप्रसाद परतानी ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक शिवप्रसाद परतानी ने बताया कि मृतकों के परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। पुलिस को खबर तक नहीं खुण्डाला के एक खेत में डूबने से दो बच्चों की हुई मौत के मामले में देर रात तक पुलिस को खबर तक नहीं थी।

पुलिस ने इस तरह की घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जताई। एएसआई केसाराम ने बताया कि परिजनों ने न तो कोई रिपोर्ट दी ओर न ही पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। उन्होंने अस्पताल प्रभारी से बात की तो उन्होंने भी किसी प्रकार के नाम-पते नहीं होना बताया।

ये भी पढ़ें

कोटा हादसा: देर रात निकला मलबे में दबे सद्दाम का शव, जिसने भी देखा उसके निकल पड़े आंसू

Published on:
15 Apr 2018 08:13 am
Also Read
View All