
नागौर. सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर मूंग खरीद की घोषणा कर दी है, जो जल्द ही शुरू हो जाएगी। सरकार ने इस बार एमएसपी 5575 रुपए प्रति क्विंटल रखा है, जो गत वर्ष 5225 रुपए प्रति क्विंटल था। किसानों से 5225 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदे गए मूंग अब सरकार व्यापारियों को ऑनलाइन बेच रही है और वो भी एक साल तक गोदामों में स्टॉक रखने के बाद 4 हजार से 4200 रुपए प्रति क्विंटल में। यानी प्रति क्विंटल 1500 से 1800 रुपए घाटे में मूंग बेचे जा रहे हैं। ऐसे में बड़े व्यापारियों को तो लाभ हो रहा है, लेकिन छोटे व्यापारी व नागौर के दाल मील मालिकों पर संकट गहरा गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब किसानों को पूरे दाम मिल रहे हैं तो किसी को क्या आपत्ति है, जी हां, आपत्ति है। आपत्ति इसलिए है, क्योंकि सरकार बड़े व्यापारियों की डिमांड पूरी कर रही है, जिसके कारण वे किसानों से मूंग खरीदने में रुचि नहीं दिखाएंगे, जिससे मूंग का बाजार डाउन होगा। इसके साथ छोटे व्यापारी एवं दाल मील चलाने वाले व्यापारी सरकार से एक साथ 2500 क्विंटल मूंग, जो कि अनिवार्य है, नहीं खरीद पाएंगे। आपत्ति इसलिए भी है कि सरकार सभी किसानों से मूंग नहीं खरीद पाएगी, जैसा कि गत वर्ष हुआ था। ऐसे में जो किसान सरकार को मूंग नहीं बेच पाएंगे, उन्हें औने-पौने दामों में मूंग बाजार में बेचने पड़ेंगे। इसके साथ खरीदे गए मूंग कम दाम पर बेचकर सरकार खुद घाटा खा रही है।
मंडी में देखिए, सरकार की नीति का असर
नागौर जिला मुख्यालय पर स्थित 'एÓ श्रेणी की कृषि उपज मंडी में सरकार की नीति का बड़ा विपरीत असर देखने को मिल रहा है। सरकार ने जब से मूंग बेचना शुरू किया है, तब से मंडी में मूंग की आवक के साथ भावों में जबरदस्त गिरावट आई है। मंडी में शनिवार को मूंग के भाव 3800 से 4600 रुपए प्रति क्विंटल रहे। मंडी में गत 15 सितम्बर को जहां 1510 क्विंटल मूंग की आवक हुई थी, वहीं 20 सितम्बर को 210 क्विंटल मूंग ही आया। शनिवार को 1190 क्विंटल मूंग आया, जबकि दिनों-दिन आवक बढऩी चाहिए।
सरकार का निर्णय ठीक नहीं
सरकार ने ऐसे समय में मूंग बेचने शुरू किए हैं, जबकि किसान भी बाजार में मूंग लेकर आ रहे हैं। दोनों मूंग बाजार में आने से भावों में गिरावट आना स्वभाविक है। इसके साथ सरकार द्वारा एक साथ 2500 क्विंटल एक साथ मूंग बेचा जा रहा है, जो छोटे व्यापारियों के लिए खरीदना संभव नहीं है। ऐसे में नागौर की दाल मीलों पर संकट आ जाएगा। बाजार में भी मूंग के भाव काफी गिर गए हैं।
- भोजराज सारस्वत, अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती, नागौर
किसानों को मिलेगा पूरा दाम
सरकार ने इस बार किसानों को लाभ देने के लिए एमएसपी 5575 रुपए पर मूंग खरीद की घोषणा की है, जो जल्द ही शुरू हो जाएगी। जहां तक कम दाम में व्यापारियों को मूंग बेचने की बात है, तो गत वर्ष पूरे भारत में सवा 2 लाख टन मूंग खदीद हुई थी, अब उस मूंग को निकालना है, इसलिए कुछ मूंग सरकार बेच रही है, ताकि नया मूंग खरीदने के लिए सरकार के पास भंडारण की व्यवस्था हो जाए। हम इस बात का पूरा ध्यान रखेंगे कि किसानों को नुकसान नहीं हो और एमएसपी पर पूरा मूंग खदीदा जा सके।
- सीआर चौधरी, केन्द्रीय राज्य मंत्री