
नागौर. नागौर जिले में जलदाय विभाग एवं डिस्कॉम अधिकारियों ने पानी व बिजली चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जलदाय विभाग ने राइजिंग लाइन से अवैध कनेक्शन करने पर 51 लोगों के खिलाफ श्रीबालाजी थाने में मामला दर्ज कराया है, जबकि डिस्कॉम के एक्सईएन आरबी सिंह ने खींवसर क्षेत्र में अवैध रूप से लगा रखे दो ट्रांसफार्मर जब्त कर करीब सात लाख का जुर्माना लगाया है।
डिस्कॉम अधिकारियों ने बिजली चोरों के खिलाफ रविवार को कार्रवाई करते खींवसर क्षेत्र से दो अवैध ट्रांसफार्मर जब्त कर करीब 7 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। अधिशासी अभियंता आरबी सिंह ने बताया कि रविवार सुबह 7 बजे नागौर, अजमेर , खींवसर, पांचला, भेड़, जोधियासी सहित अन्य जगहों की डिस्कॉम टीम ने खींवसर के मोतीनाथपुरा में दबिश देकर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एक्सईएन सिंह ने बताया कि मोतीनाथपुरा निवासी दीपसिंह पुत्र सोहनसिंह एवं गोपालसिंह पुत्र सोहनसिंह के ट्यूबवेल पर लगे 63 केवी व 100 केवी के अवैध ट्रांसफार्मर द्वारा विद्युत चोरी करते पाए जाने पर दोनों ट्रांसफार्मर जब्त कर करीब 7 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। एक्सईएन ने बताया कि विद्युत चोरी अधिनियम-2003 के तहत दोनों किसानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि डिस्कॉम टीम ने नागौर शहर में भी तीन स्थानों पर कार्रवाई कर बिजली चोरी पकड़ी है। कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
46 ग्रामीणों के खिलाफ पानी चोरी का मामला दर्ज
- श्रीबालाजी थाने में जलदाय विभाग के एईएन आरआर शर्मा ने दर्ज कराया मामाला
नागौर. नागौर पंचायत समिति क्षेत्र के छीला में गत 15 मई को आयोजित न्याय आपके द्वार शिविर के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि कुछ लोगों ने पानी की मैन पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन कर रखे हैं, जिससे गांव में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। इस पर शिविर प्रभारी उपखंड अधिकारी परसाराम टाक ने जलदाय विभाग के एईएन आरआर शर्मा को कार्रवाई के निर्देश देते हुए पानी चोरी करने वालों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराने के लिए कहा था। उपखंड अधिकारी के निर्देश पर एईएन शर्मा ने पांच लोगों के खिलाफ उसी दिन मामला दर्ज करा दिया था, जबकि शेष 46 लोगों के खिलाफ पानी चोरी तथा सरकारी सम्पति को नुकसान पहुंचाने का मामला रविवार को दर्ज कराया गया।
पुलिस के अनुसार एईएन शर्मा ने बताया कि राइजिंग लाइन में किए गए कनेक्शन ढाणियों में होने के कारण उन्हें काटने के लिए जेसीबी तथा अतिरिक्त व्यक्ति लगाए गए।
इनके खिलाफ दर्ज किया मामला
पुलिस ने छीला निवासी प्रभुलाल सारण, जस्सूराम जाखड़, लिछाराम, मोहनराम, जस्साराम, अन्नाराम, हरीराम, किशनलाल, लक्ष्मण, मांगीलाल, मदनराम, खींयाराम, अणदाराम, गोपीकिशन, अर्जुनराम, चेनाराम, रेवंतराम के खिलाफ 16 मई को कनेक्शन काटकर रिपोर्ट दी गई। इसी प्रकार 17 मई को हेमाराम, नारायणराम, किशनाराम, मानाराम, भैरूराम, सोनाराम, सुखराम, रेवंतराम, बेजाराम, कोजाराम, अखाराम, परसाराम, किशनाराम, अखाराम, बुधराम, गिरधारीराम, उदाराम, जस्साराम, भंवरलाल, हीराराम, शंकरराम, लिखमाराम एवं बंशीलाल के खिलाफ रिपोर्ट देकर मामला दर्ज कराया गया है।