
नागौर. राष्ट्रीय राजमार्ग 65 पर चिमरानी व खरनाल के बीच सोमवार रात को दो ट्रक व एक ट्रेक्टर की टक्कर हो गई। हादसे में एक जने की मौत हो गई, जबकि दो जने गंभीर घायल हो गए, जिन्हें नागौर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों की स्थिति गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया।
अस्पताल चौकी पुलिस के अनुसार चिमरानी व खरनाल के बीच पत्थर की पट्टियों से भरा ट्रक सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। इस दौरान वहां से गुजर रहा एक ट्रेक्टर भी ट्रक में जा घुसा। अचानक हुए सड़क हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना देकर मौके पर बुलाया। घायलों की स्थिति को देखते हुए नागौर से खरनाल जा रहे खींयाराम व उसके साथी ने दो गंभीर घायलों को अपने वाहन से एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना जेएलएन अस्पताल पहुंचाया, वहीं ट्रक में फंसे एक जने को एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल लाया गया। हादसे में जोधपुर के बड़ली निवासी श्रवण (45) पुत्र राजूसिंह पुरोहित व तमिलनाडू के वेलोगोनडम पती स्थित साउथ स्ट्रीट निवासी सुरेश शीरांगन गंभीर घायल हो गए, जिन्हें जोधपुर रेफर किया गया है, जबकि सुरेश के साथी की मौत हो गई, जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतक का शव जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
जोधपुर-बीकानेर बाइपास पर हादसा
शहर के कुरजां होटल तिराहे से कृषि मंडी तक बनाए गए जोधपुर-बीकानेर बाइपास के मरम्मत कार्य में ठेकेदार द्वारा बरती जा रही लापरवाही वाहनों के लिए भारी पड़ रही है। ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मापदंडों को ताक पर रखकर मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते रात के समय में वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। सड़क निर्माण कार्य स्थल पर संकेतक नहीं होने से पिछले दो दिन से लगातार हादसे हो रहे हैं। रविवार को दो बाइक सवार गड्ढ़े में गिरकर घायल हुए, जबकि सोमवार रात को कार चालक सड़क के बीच बनाए गए मलबे के ढेर से टकराकर चोटिल हो गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि ठेकेदान ने पहले घटिया निर्माण किया, जिसके चलते सड़क समय से पूर्व टूट गई। अब मरम्मत कार्य में भी लापरवाही बरती जा रही है।