नागौर

वीडियो : देवड़ा को पटखनी देकर रामस्वरूप पंवार बने माली समाज के अध्यक्ष

297 मतों से रहे विजयी, सैनिक क्षत्रिय माली संस्थान के चुनाव की मतगणना ढाई घंटे तक रूकी रही, रात डेढ़ बजे फिर शुरू हुई मतगणना
2 min read
• •
Updated: 25 Sep 2017, 1:31 PM IST
Ramsawroop Panwar win President election of Mali samaj
Ramsawroop Panwar win President election of Mali samaj

नागौर. सैनिक क्षत्रिय माली संस्थान के चुनाव में रामस्वरूप पंवार ने निवर्तमान अध्यक्ष कृपाराम देवड़ा को 297 मतों से पटखनी दी। देवड़ा पिछले छह साल से लगातार माली समाज के अध्यक्ष रहे। मतगणना के दौरान शुरुआती चरण में ही पंवार से पिछडऩे पर एक बार ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर हंगामा हुआ। चुनाव अधिकारी एवं समाज के मौजिज लोगों ने उनसे समझाइश का प्रयास किया, लेकिन करीब दो घंटे तक मतगणना रूकी रही। रात करीब डेढ़ बजे दोनों पक्षों की समहति से मतगणना शुरू हुई और ढाई बजे परिणाम सामने आ गए, जिसमें रामस्वरूप पंवार ने 297 वोटों से चुनाव जीतकर माली समाज के अध्यक्ष का ताज अपने नाम कर लिया। चुनाव में रामस्वरूप पंवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वदी कृपाराम देवड़ा को २९७ वोटों से हराया। देवड़ा को १६५२ व पंवार को १९४९ वोट मिले। पंवार के अध्यक्ष निर्वाचित होने पर उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थक लिखमीदास महाराज के जयकारे लगाने लगे और पंवार को कंधो पर उठा लिया।

इससे पहले मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी आने पर रात 11 बजे एक बार के लिए मतगणना रोक दी। नागौर एसडीएम परसाराम टाक ने दोनों पक्षों के साथ बैठक कर समझाइश का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। इस दौरान चुनाव अधिकारी एवं ईवीएम के विशेषज्ञों ने भी हल निकालने का प्रयास किया, जिसकेे बाद रात डेढ़ बजे मतगणना शुरू हुई। इस दौरान हंगामे की स्थिति को देखते हुए भवन के अंदर व बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया। रात करीब साढ़े 12 बजे पुलिस लाइन से आरएसी का जाब्ता भी बुलाया गया।

दरअसल, ईवीएम में गड़बड़ी यह आई कि जितने वोट पड़े, मतगणना के दौरान दोनों प्रत्याशियों को जितने वोट मिले, उनका मिलान कुल वोटों से नहीं होने पर प्रत्याशियों ने आपत्ति दर्ज करवाई। चुनाव को लेकर कुल 12 बूथ बनाए गए, जिनमें दो बूथों की मतगणना में गड़बड़ी होने पर गणना रोक दी।

ये चुने गए कार्यकारिणी सदस्य
रामकुमार सोलंकी, देवकिशन भाटी, राजेन्द्र पंवार, मुरारी सांखला, नेमीचन्द टाक, अर्जुनराम कच्छावा, रामबक्ष सांखला, मेहराम सांखला, रामकिशोर सोलंकी, रामजस भाटी, रामपाल कच्छावा, राजेश सांखला, रामपाल कच्छावा, टीकमचन्द कच्छावा, देवकिशन सोलंकी, रामेश्वरलाल पंवार, इन्द्रचन्द कच्छावा, कालूराम सोलंकी, रमेशचन्द सोलंकी, धर्मेन्द्र सोलंकी कार्यकारिणी सदस्य चुने गए।

जैसे -जैसे रात हुई, भीड़ कम होती गई
माली समाज संस्थान के चुनाव की मतगणना समाज के भवन में चल रही थी। चुनाव परिणाम के रुझान जानने के लिए डीडवाना रोड पर माली समाज के हजारों लोग पहुंच गए। रात 12 बजे तक लोगों की भीड़ समाज भवन के आगे नारेबाजी करती रही, लेकिन जब साढ़े 12 बजे तक मतगणना वापस शुरू नहीं हुई तो लोग धीरे धीरे घरों को लौटने लगे।

भारी पुलिस जाब्ता रहा तैनात
मतगणना रुकने तथा लोगों की भीड़ के चलते पुलिस सतर्क हो गई और भारी पुलिस जाब्ता माली समाज संस्थान भवन के बाहर तैनात कर दिया। मौके पर कोतवाली थानाधिकारी नंदराम भादू, सदर थानाधिकारी सुनील चारण, महिला थानाधिकारी भंवरसिंह, खींवसर थानाधिकारी रमेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं आरएसी का जाब्ता तैनात रहा।

Published on: