
नागौर. नाकाबंदी के दौरान मंगलवार रात पिकअप की टक्कर से गंभीर घायल हुए श्रीबालाजी थानधिकारी पूर्णमल मीणा की मौत के बाद बुधवार सुबह जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों की उपस्थिति में मेडिकल टीम से पोस्टमार्टम करवाया गया। पोस्टमार्टम के बाद मीणा का शव पुलिस लाइन लाया गया, जहां नागौर विधायक हबीबुर्रहमान, कलक्टर कुमार पाल गौतम, एसपी परिस देशमुख, एएसपी राजकुमार चौधरी के साथ अन्य पुलिस अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं शहरवासियों ने मीणा की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद थानाधिकारी मीणा का शव उनके पैतृक गांव सीकर जिले के श्रीमाधोपुर क्षेत्र के मुंडरू के लिए रवाना कर दिया।
गौरतलब है कि मंगलवार रात को गंठिलासर के पास नाकाबंदी करते समय श्रीबालाजी थानाधिकारी मीणा को तेज गति से आई पिकअप ने टक्कर मार दी। उन्हें घायल अवस्था में जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हादसा रात करीब आठ बजे गंठिलासर के पास हुआ। यहां थानेदार पूर्णमल मीणा मय जाब्ते ड्यूटी कर रहे थे। तभी वहां से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप को रोकने की कोशिश की पर पिकअप चालक तेज गति से थानेदार पूर्णमल मीणा को टक्कर मारकर भाग गया। मीणा गंभीर रूप से घायल हो गए। हालात देखते हुए आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। साथी पुलिसकर्मी व अन्य लोग मीणा को जेएलएन अस्पताल ले गए जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
थानेदार की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर
श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के गंठिलासर के पास नाकाबंदी के दौरान पिकअप की टक्कर से गंभीर घायल होने के बाद जेएलएन अस्पताल में उपचार के दौरान थानाधिकारी पूर्णमल मीणा की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसपी परिस देशमुख, एएसपी राजकुमार चौधरी, वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश गौतम, कोतवाली थानाधिकारी नंदराम भादू, महिला थानाधिकारी भंवरसिंह गौड़ सहित अन्य पुलिस अधिकारी जेएलएन अस्पताल पहुंचे। एसपी देशमुख ने थानेदार के मौत की सूचना उच्चाधिकारियों को दी तथा थानेदार मीणा का शव मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रीबालाजी थानाधिकारी मीणा मय जाब्ते के गंठिलासर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रहे थे। इस दौरान तेज गति से आए पिकअप चालक ने थानाधिकारी को चपेट में लेते हुए टक्कर मार दी, जिससे थानाधिकारी उछलकर करीब २० फीट दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद उन्हें नागौर के जेएलएन अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने उनका प्राथमिक उपचार कर सीटी स्केन कराने के लिए कहा।
इस दौरान नागौर में रहने वाले मीणा के गांव सीकर जिले के श्रीमाधोपुर तहसील के मुंडरू निवासी हुक्मसिंह को दुर्घटना की जानकारी मिल गई, जिस पर वे भी अस्पताल पहुंच गए तथा मीणा को लेकर सीटी स्केन कराने के लिए पुराने अस्पताल पहुंचे। हुक्मसिंह ने पत्रिका को बताया कि सीटी स्केन रिपोर्ट में उनके सिर में ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन दोनों पैरों में फैक्चर हुआ है तथा अंदरुनी चोट ज्यादा होने से उनकी मौत हो गई। परिजनों को दी सूचनाघटना के बाद पुलिस ने मीणा के परिजनों को सूचना देकर नागौर बुलाया। सूचना मिलने पर परिजन रात को ही नागौर के लिए रवाना हो गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मीणा के दो बेटे व एक बेटी है तथा लम्बे समय से अजमेर में निवास बना रखा है।