
मकराना. राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सकों के बुधवार को दो घण्टे के सांकेतिक कार्य बहिष्कार करने पर यहां उपचार को पहुंची महिलाओं ने हंगामा करते हुए चिकित्सालय के मुख्य द्वार को बंद कर दिया। बुधवार की सुबह करीब 9.30 बजे राजकीय चिकित्सालय में उपचार को पहुंची महिलाओं ने बताया कि चिकित्सकीय परामर्श के लिए 10 रुपए की पर्ची कटवा लेने के पश्चात जब वे चिकित्सकों के कक्ष में गई तो चिकित्सक नदारद मिले। लगभग आधे घण्टे तक लाइन में लगने के बाद ओपीडी पर्ची मिलने एवं चिकित्सकों के उनके कक्ष से नदारद रहने पर महिलाओं ने हंगामा खड़ा करते हुए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने बताया कि गत दिनों भी चिकित्सकों के सामूहिक रूप से कार्य बहिष्कार करने एवं बुधवार को भी बिना किसी पूर्व सूचना के पर्ची काटने पर भी चिकित्सकीय परामर्श नहीं देना चिकित्सकों का मनमानी रवैया है, जिस पर अंकुश लगना चाहिए। इस दौरान रोष जता रही महिलाओं ने चिकित्सालय के मुख्य द्वार को बंद कर लोगों की आवाजाही बाधित कर दी।
एसडीएम को भी नहीं घुसने दिया
मामले की जानकारी मिलने पर एसडीएम मुकेश चौधरी एवं एसआई उदयलाल मय जाप्ते के राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। चिकित्सकों के रवैये से परेशान महिलाओं ने एकबारगी तो एसडीएम चौधरी एवं पुलिस को भी चिकित्सालय के बंद मुख्य द्वार को खोलने नहीं दिया। जिस पर एसडीएम चौधरी ने समझाइश कर चिकित्सालय का द्वार खोल चिकित्सालय के भीतर प्रवेश किया। तत्पश्चात उन्होंने चिकित्सा प्रभारी डॉ. योगेन्द्र कच्छावा से मरीजों को हो रही परेशानी के मद्देनजर चिकित्सालय में मौजूद सभी चिकित्सकों से समझाइश की, जिस पर चिकित्सक मान गए।
संघ के आह्वान पर दो घण्टे का कार्य बहिष्कार
चिकित्सा प्रभारी कच्छावा एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मुखराम देवंदा ने बताया कि समझौते के बावजूद सरकार ने उनकी 33 सूत्री मांगो को अमलीजामा पहनाना शुरू नहीं किया। पूर्व में उनके सामूहिक कार्य बहिष्कार को लेकर प्रदेश स्तर पर नेतृत्व कर रहे उनके साथी चिकित्सकों का डिमोशन कर उनका अंयत्र स्थानांतरण कर देने से संघ के आह्वान पर कार्य बहिष्कार सुबह 9 से 11 बजे तक रखा गया।