
Sohagpur BJP Youth Leader Murder Case: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर में हुई भाजपा युवा नेता और ढाबा संचालक सचिन राजपूत की हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटों के अंदर खुलासा करते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। सचिन राजपूत की हत्या उसके ही मुंहबोले जीजा विवेक गुर्जर ने की थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक और पिस्टल भी जब्त कर ली है। वारदात की वजह अवैध संबंध का शक बताया गया है।
भाजपा युवा नेता सचिन राजपूत का शव मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात पिपरिया नर्मदापुरम स्टेट हाईवे की मुख्य सड़क से करीब एक किलोमीटर दूर रानी पिपरिया नहर की पुलिया पर मिला था। उसके सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगने का निशान था और वहां काफी खून बिखरा था। क्योंकि सचिन भाजपा का युवा नेता था, इसे देखते हुए पुलिस अधिकारी बल सहित रात में मौके पर पहुंचे व एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। सचिन राजपूत पिपरिया रोड पर महुआ गांव के पास राजपूत ढाबा चलाता था। मृतक सचिन राजपूत सोहागपुर क्षेत्र में भाजपा का बेहद सक्रिय युवा नेता और स्थानीय विधायक विजयपाल सिंह का करीबी समर्थक था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और जब मृतक सचिन राजपूत के ढाबे के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो उसमें सचिन एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर जाते दिखा। परिजन ने बताया कि सचिन जिसके साथ गया है वो मुंहबोला जीजा विवेक गुर्जर है। विवेक गुर्जर सीहोर जिले का रहने वाला है, पुलिस ने इस आधार पर जब मुंहबोले जीजा विवेक गुर्जर को पकड़कर पूछताछ की तो उसने सारा सच कबूल लिया और वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
आरोपी विवेक गुर्जर ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि सचिन के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी कारण वो सचिन से नफरत करता था और उसे जान से मारने की साजिश रची। वो ढाबे से सचिन को अपने साथ बाइक से नहर की पुलिया पर ले गया। रात होने के कारण इलाका पूरी तरह से सुनसान था, इसलिए उसने वहीं पर सचिन के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी और फिर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल, बाइक और वारदात के वक्त पहने हुए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।