mp news: असम की महिला को तेलंगाना में हुई मोहब्बत, शादी के सपने दिखाकर एमपी लाया प्रेमी और ले डाली जान।
mp news: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में बीते दिनों नदी में महिला की लाश की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्यारे मृतक महिला का बॉयफ्रेंड और उसका भाई ही हैं। आरोपियों ने पहले तो गला दबाकर महिला की हत्या की थी और फिर घटनास्थल से करीब 80 किमी दूर बाइक पर उसका शव ले जाकर पुल से नदी में फेंक दिया था। मृतका असम की रहने वाली थी और तेलंगाना में नौकरी के दौरान उसकी पहचान नर्मदापुरम के युवक से हुई थी जो बाद में प्यार में बदली और यही मोहब्बत उसकी मौत की वजह बनी।
पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जिस महिला की लाश नदी में मिली थी उसकी पहचान असम के लखीमपुर जिले की रहने वाली राजीना बेगम (32) के तौर पर हुई थी। राजीना तेलंगाना में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती थी। यहीं पर नर्मदापुरम का नितेश यादव भी नौकरी करता था, दोनों की पहले पहचान हुई और फिर प्यार हो गया। राजीना नितेश के साथ लिव इन में रहने लगी और नितेश से शादी करना चाहती थी। इधर नितेश के घरवालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी। शादी दूसरी जगह तय होने के बाद नितेश ने राजीना की हत्या की साजिश रची और उसे शादी करने की बात कहकर नर्मदापुरम के माखननगर लेकर आया।
25 फरवरी की रात करीब 4 बजे नितेश ने अपने छोटे भाई सचिन यादव के साथ मिलकर आरी गांव के एक मैदान में राजीना की गला दबाकर हत्या की। राजीना को मौत के घाट उतारने के बाद दोनों आरोपी भाई बाइक से उसका शव करीब 80 किमी दूर भेरूंदा (नसरुल्लागंज) के पास लेकर पहुंचे और पुल से नदी में लाश को फेंक दिया। इसके बाद 26 फरवरी को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद किया था। उधर राजीना का मोबाइल बंद आने पर उसके परिजन ने तेलंगाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई और फिर मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर नर्मदापुरम पुलिस से तेलंगाना पुलिस ने संपर्क किया। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आरोपी नितेश यादव से पूछताछ की पर वो पुलिस को गुमराह करता रहा। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी नितेश के भाई सचिन ने वारदात को अंजाम देना कबूल किया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपी भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है।