
Tragic Accident : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के अंतर्गत आने वाले इटारसी-पथरोटा मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पथरोटा की बड़ी नहर की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे पानी में जा गिरी। इस भीषण हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो हादसे के बारे में उस समय आभास हुआ, जब एक तेज आवाज बड़ी नगर के पुल के ऊपर सुनाई दी। कुछ लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा नहर के पानी में रोशनी चमकती दिखाई दी। इससे ये कन्फर्म हो गया कि, हो न हो ये कोई वाहन है जो अनियंत्रित होकर नहर में गिरा है। आनन-फानन में पथरोटा पुलिस को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस को भी स्थिति संदेहास्पद लगी तो उन्होंने एसडीआरएफ को रेस्क्यू के लिए बुलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद नहर से एक ग्रे कलर की कार बाहर निकाली गई। लेकिन, जब पुलिस समेत स्थानीय लोगों ने अंदर का नजारा देखा तो वो सभी हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि, इटारसी की तरफ से आ रही तेज कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नहर में जा गिरी। वहीं, करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जब नर्मदापुरम से आई एसडीआरएफ की टीम ने कार को बाहर निकाला और उसके दरवाजे खोले गए तो अंदर का मंजर दिल दहला देने वाला था। कार में सवार तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी।
एसडीआरएफ की प्लेटून कमांडर अमृता दीक्षित का कहना है कि, 'नहर में गिरने के बाद तीनों युवकों ने बाहर निकलने के लिए काफी संघर्ष किया होगा, कांच तोड़ने की कोशिश के निशान भी मिले हैं, लेकिन संभवत पानी का दबाव अदिक होने के कारण वो सफल नहीं हो सके।'
फिलहाल, मृतकों के नामों और निवास की आधिकारिक पुष्टि की जा रही है, लेकिन कार में मिले एक युवक की जेब से मिले पैन कार्ड बरामद हुआ है, जिसमें लक्की पटेल नाम लिखा है और पता इटारसी का बताया जा रहा है। फिलहाल, तीनों शवों को एम्बुलेंस की मदद सेजिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है। यहां बॉडी आईडेंटिफाई होने के बाद उनका पोस्टमार्टम होगा। पथरोटा थाना प्रभारी संजीव कुमार पवार की कहना है कि, फिलहाल संबंधित कार नहर से बरामद कर ली गई है। आगे की कार्रवाई जारी है।