
Narmadapuram news: मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में एक महिला को 2 मिनट में 5 बार सांप ने डस लिया। घरवाले पहले उसे झाड़–फूंक के लिए लेकर गए लेकिन जब महिला की हालत बिगड़ने लगी तो उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने महिला को 40 मिनट में 10 और 24 घंटे में 35 एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाए। जिसके बाद महिला को बचाया जा सका। बता दें कि ये घटना करीब 20 दिन पहले की है। अब महिला पूरी तरह से स्वस्थ है।
महिला ने बताया कि वह अपने घर के किचन में दोपहर 12:30 बजे साफ-सफाई का काम कार रही थी। उसी दौरान अलमारी के पास झाड़ू लगाते समय बर्तन को उठाया तो पांच फीट लंबा काले रंग का सांप बैठा हुआ था। महिला इससे पहले कि कोई एक्शन लेती सांप ने अचानक दाएं हाथ की हथेली में काट लिया। इसके बाद हाथ झटकते ही उसने फिर काट लिया। बार-बार सांप को झटकने पर पंजे और हथेली में डेढ़ से दो मिनट में सांप ने पांच बार डस लिया। हर बार हाथ झटकती थी, लेकिन सांप दोबारा हमला कर देता था। जिसके बाद महिला वहीं पर बेहोश होकर वहीं गिर पड़ी।
महिला के पति ने पूरी घटना जानने के बाद पत्नी राधाबाई को अस्पताल न ले जाकर उसको झाड़-फूंक कराने ले गए, जिससे महिला का हालत और गंभीर हो गई। राधाबाई को सांस लोने में तकलीफ होने लगी। जिसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर दोपहर करीब 2:10 मिनट पर पिपरिया सिविल अस्पताल लेकर पहुंचा। यहां आनन-फानन में महिला का इलाज शुरु किया गया। ड्यूटी डॉ. देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक महिला की आंखें बंद हो चुकी थीं, जहर तेजी से शरीर में फैल रहा था।
डॉक्टरों ने बताया कि महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उस बचाने का पूरा प्रयास किया। महिला को पहले 40 मिनट में 10 एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाए गए। अगले 24 घंटे में कुल 35 इंजेक्शन दिए गए। इनमें 25 एंटी-स्नेक वेनम और 10 एट्रोपिन इंजेक्शन शामिल थे। इंजेक्शन लगने के बाद महिला की हालत में धीरे-धीरे सुधार आने लगा।
सांप के काटने से जहर फैल गया था था साथ ही हाथ की एक अंगुली में सूजन बनी रही। इसके बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां ऑपरेशन किया गया। बता दें कि परिवार में एक बेटी है, जो पांचवीं में पढ़ती है। घटना के बाद राधाबाई काम पर नहीं जा पा रह, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। परिवार ने आर्थिक मदद की मांग की है।