
Ratlam Wife Murder: पति ने कर दी पत्नी की हत्या (Photo Source - Patrika)
Ratlam Wife Murder: एमपी के रतलाम शहर में पति द्वारा पत्नी की हत्या के मामले में अहम खुलासे हुए है। पुलिस ने आरोपी पति से थाने में पूछा कि उसने पत्नी को क्यों मारा… तो अली असरगर ने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया लेकिन वो रोता रहा और बार-बार पत्नी से मिलाने की जिद करता रहा और कहता रहा, "रुकैया से मिला दो।" रात 10:30 बजे पत्नी के शव को परिजन और समाजजन की मौजूदगी में दफनाया गया। गम के माहौल के कारण पुलिस परिजन से पूछताछ नहीं कर सकी। आज सोमवार को दोनों परिवारों के बयान लिए जाएंगे।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक अली असरगर पहले शिवगढ़ में फोटोग्राफी करते हुए दुकान चलाता था। कुछ समय से वह घर पर ही कंम्प्यूटर्स पर कुछ काम कर रहा था। परिचितों के अनुसार वह मानसिक रूप से कमजोर था और बीच-बीच में मारपीट की हरकतें भी करता था। मकान के नीचे आरोपी के पिता की हार्डवेयर की दुकान है। उस समय वे दुकान में ही थे। पड़ोसियों का कहना है कि घर से एक बच्ची नीचे आई। उसने दादा को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दो मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर स्थित घटना वाले कमरे को सील कर दिया है।
घटना के बाद यह भी जानकारी सामने आई है कि पति 6 महीने से मानसिक रूप से डिस्टर्ब था और उसका इलाज चल रहा था। उसने सालभर पहले जिले के ग्रामीण क्षेत्र में ऑनलाइन मोबाइल की शॉप खोली थी, जिसे बाद में बंद कर रतलाम में शुरू कर लिया था। बताया गया कि बीते 6 महीने के भीतर परिजन उसे जंजीरों से बांधकर इलाज के लिए धर्मगुरु सैयदना साहब के पास भी ले गए थे। हालांकि, बीमारी संबंधी जानकारी की पुष्टि परिजन से अभी नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी असरगर अली पत्नी रुकैया, 7 साल की बेटी और 2 साल के बेटे के साथ रहता था। घर में उसका बड़ा भाई मुस्तफा (40) और माता-पिता भी रहते थे। घटना से पहले घर में सब कुछ बिल्कुल नार्मल था। आरोपी ने सुबह चाय पी थी और बेक समोसा खाया था। मां ने चेहल्लुम होने के कारण मस्जिद जाने के लिए भी कहा था। इसके बाद अचानक पति-पत्नी के बीच क्या हुआ किसी को नहीं पता।
माणक चौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि आरोपी पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में उसने कुछ नहीं बताया। वह केवल पत्नी से मिलने की जिद करता रहा।
बता दें कि बीते दिन माणकचौक थाने के सुनार बावड़ी क्षेत्र में खौफनाक वारदात हो गई। पति अली असरगर (35) ने पत्नी रुकैया (33) से विवाद के बाद सीने पर बैठकर गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी पति ने घर में उपयोग आने वाले चाकू से पत्नी के गले पर 35 वार कर गोदने का प्रयास किया और चाकू से ही गला काटा। इससे महिला की आधी गर्दन कटने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड की जानकारी जैसे ही आसपास के लोगों को लगी तो हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से ही हिरासत में लेते हुए फिलहाल मामला जांच में लेकर मृतका का मेडिकल कॉलेज में पीएम करवाया। मृतक दंपती की आठ साल की बेटी और तीन साल का बेटा है। दोनों के विवाह को करीब दस साल हो गए थे।
सुनार बावड़ी में बनी बोहरा समाज की मस्जिद के सामने दो मंजिला मकान में रहने वाले अली असगर नामक व्यक्ति ने तल मंजिल के कमरे में पत्नी रुकैया पर वार करना शुरू किए। आसपास के लोगों ने बताया कि महिला अपने घर के पड़ौसी का नाम लेकर चिल्लाई तो लोगों को पता चला। आसपास के लोगों का यह भी कहना है कि घटना के दौरान जब युवक अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर रहा था तब इस दंपती की आठ साल की बेटी बाहर आई और चिल्लाने लगी।
आसपास के लोग अंदर पहुंचे और वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्होंने देखा कि युवक मृतक पत्नी के पास ही बैठा हुआ है। युवक के सिर पर खून सवार देख वे लोग पीछे हट गए। लोगों ने तुरंत ही माणकचौक थाने को इसकी सूचना दी। थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, तब तक युवक पत्नी के पास ही बैठा हुआ था। उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।
Updated on:
03 Aug 2026 02:15 pm
Published on:
03 Aug 2026 02:07 pm
