
141 vehicles for violating traffic नरसिंहपुर. जिले में यातायात पुलिस की टीम ने नरसिंहपुर एवं गाडरवारा अनुभाग में सघन चेकिंग अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 141 वाहनों के चालान काटे। जिससे 1,20,500 रुपए का शमन शुल्क वसूला गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन और एएसपी संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में चले अभियान का नेतृत्व यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी ने किया। टीम ने नरसिंहपुर और गाडरवारा अनुभाग के विभिन्न क्षेत्रों में वाहनों की सघन चेकिंग की। कार्यवाही के दौरान कई प्रकार के उल्लंघन पाए गए जिन पर विधिवत जुर्माना किया गया। इनमें ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले मॉडिफाई साइलेंसर वाले 6 वाहन, वाहनों के कांच पर प्रतिबंधित ब्लैक फिल्म लगाने वाले 17 मामले शामिल रहे। सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर 20 चालान बिना हेलमेट और 15 चालान बिना सीट बेल्ट के लिए किए गए। इसके अतिरिक्त, दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले 35 वाहनों पर कार्रवाई हुई। अन्य उल्लंघनों में ओवरलोडिंग के 4 मामले, बिना बीमा के 4 वाहन, खतरनाक तरीके से वाहन खड़ा करने के 5 मामले और अन्य धाराओं के अंतर्गत 35 कार्रवाइयां हुईं।
यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करने पर जोर दिया। थाना प्रभारी ने यह भी आगाह किया कि वाहनों में मॉडिफाई साइलेंसर या ब्लैक फिल्म का उपयोग न करें, अन्यथा भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एनटीपीसी में 4 वाहनों पर लगाया 17 हजार रुपए का जुर्माना
जिला परिहवन अधिकारी और टीम के द्वारा एनटीपीसी गाडरवारा में संचालित फ्लाई एश के वाहनों की जांच बुधवार को की गई। वाहनों की जांच के दौरान 4 वाहन असुरक्षित परिवहन करते पाए गए। मौके पर ही इन वाहनों पर 17 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। साथ ही एक बस वाहन क्रमांक एमपी 20 पीए 0797 बिना परमिट के संचालित होने पर 25 हजार 600 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार उक्त सभी वाहनों पर कुल 42 हजार 600 रुपए का जुर्माना लगाया गया। यह कार्रवाई कलेक्टर रजनी सिंह के निर्देश पर की गई। परिवहन अधिकारी ने बताया कि इस तरह की जांच निरंतर होगी।