
मार्च में हार्वेस्टर से नारेबाजी कर जाते किसान।
tractor march नरसिंहपुर. जिला मुख्यालय पर किसानों से जुड़ी 20 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बैनर तले बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। मंडी में ट्रैक्टर-हार्वेस्टर लेकर पहुंचे किसानों ने पहले महापंचायत की उसके बाद दोपहर को मंडी से गांधी चौक तक ट्रैक्टर मार्च, पैदल रैली निकाली। मार्च में 225 से अधिक ट्रैक्टरों की भागीदारी के साथ ही एक हार्वेस्टर भी शामिल रहा। किसानों ने अपनी मांगों को पूरा कराने जमकर नारेबाजी करते हुए शासन-प्रशासन की नीतियों और कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाए। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए मंडी से लेकर मार्च वाले रूट पर 100 से ज्यादा पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मंडी में बुधवार की सुबह से किसानों की आमद ट्रैक्टरों के साथ शुरू हो गई थी। वहीं पुलिस और राजस्व के अमले ने भी मोर्चा संभाल लिया था। संगठन के पदाधिकारियों ने महापंचायत में शामिल हुए किसानों को संबोधित करते हुए मांगों से अवगत कराया। इसके बाद यहां पहुंची एसडीएम कलाबती ब्यारे को 20 सूत्रीय मांगों पर ज्ञापन दिया।
ट्रैक्टर मार्च में किसानों ने दिखाई अपनी ताकत
महापंचायत में किसानों की भीड़ और ट्रैक्टर मार्च के लिए किसानों द्वारा लाए गए ट्रैक्टरों की तादाद देख शासन-प्रशासन खासा अलर्ट रहा। दोपहर को जैसे ही जोरदार नारेबाजी के साथ मंडी से ट्रैक्टरों की शहर तरफ आवक बढ़ी और किसानों ने नारेबाजी करते हुए अपनी ताकत व एकजुटता का प्रदर्शन किया। जिसे देख लोग कहते रहे कि किसानों की मांगों पर ऐसा प्रदर्शन कई वर्षो बाद देखने मिला।
चौराहों पर पुलिस ने संभाला मोर्चा, ड्रोन से निगरानी
पूरे प्रदर्शन के दौरान जहां पुलिस की टीम मंडी से लेकर गांधी चौक तक जगह-जगह तैनात रही वहीं ड्रोन से भी निगरानी की जाती रही। सुभाष पार्क चौराहे के आसपास पुलिस खासी सतर्क रही क्योंकि यहीं से कलेक्ट्रेट मार्ग जुड़ा है। किसानों के मार्च दौरान कई जगह लोगों ने घरों-दुकानों के बाहर मौसम को देखते हुए टेबल लगाकर पानी, छांछ आदि की व्यवस्था की। जिससे किसानों को राहत मिल सके। वहीं मार्च करते ट्रैक्टरों के आगे-आगे पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी चलते रहे ताकि रूट में कोई व्यवधान नहीं आ सके। वहीं यूनियन के विमलेश पटेल, देवेंद्र पाठक समेत कई पदाधिकारी माइक के जरिए किसानों की मांगों और शासन-प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए चले। गांधी चौक पर मार्च का समापन किया गया।
वर्जन
किसानों से जुड़ी जिन 20 सूत्रीय मांगों पर ज्ञापन मिला है उनमें महाकौशल शुगर मिल, आरआर एग्रो से जुुड़ी मांगों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही कृषि, वन एवं शिक्षा विभाग से जुड़ी जो मांगे है जिन पर स्थानीय स्तर से कार्रवाई हो सकती है उनमें संबंधित विभागों को कहा गया है। अन्य जो उच्च स्तर की मांगे हैं उनके संबंध में शासन को अवगत कराया जाएगा।
Updated on:
16 Jul 2026 10:52 am
Published on:
16 Jul 2026 10:52 am
