
Narsinghpur News :मध्य प्रदेश के प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में पुलिस ने बाइक चोर चाचा-भतीजे को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत दी है। बताया जा रहा है कि, पिछले कई दिनों से जारी बाइक चोरी की वारदातों ने आम लोगों की चिता बढ़ा रखी थी। शातिर चोर पलक झपकते ही बाइक चुराकर फरार हो जाते थे और पुलिस की तमाम जद्दोजहद के बावजूद ये शातिर चोर गिरफ्त से बाहर थे। अब जिले की गंज स्टेशन पुलिस ने चोरों को गिरफ्तार कर जिले में जारी चोरी की वारदातों पर नकेल कसने की कार्रवाई की है।
जिलेभर में अवैध गतिविधियों और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'ऑपरेशन ईगल क्लॉ' अभियान के तहत नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चाचा और भतीजे को गिरफ्तार किया है। यही नहीं, आरोपियों की निशानदेही पर सोमवार तक चोरी की कुल 11 मोटरसाइकिलें भी बरामद की जा चुकी हैं। जब्त किए गए वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी जा रही है। हालांकि, पुलिस का मानना है कि, पूछताछ में आरोपियों से और भी कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।
मामले को लेकर एसडीओपी मनोज कुमार गुप्ता का कहना है कि, पुलिस अधीक्षक के निर्देशान में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आरोपियों की गिरफ्तीरी की गई है। अबक की पूछताछ में आरोपियों से 11 मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गई हैं। आगे भी पूछताछ और निशानदेही के आधार पर कार्रवाई जारी रह सकती है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी अखिलेश रजक और बालकृष्ण रजक नरसिंहपुर के स्टेशनगंज थाना इलाके के मुड़िया गांव के रहने वाले हैं। ये दोनों आपस में चाचा - भतीजे हैं, जो मिलकर जिले के साथ-साथ आसपास के इलाकों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे। चोरी के बाद वे इन वाहनों को कम दामों में अनजान व्यक्तियों को बेच दिया करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचते हुए उनके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल, पुलिस दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि, इस वाहन चोरी के सिंडिकेट में उनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ये सुराग भी खंगालने में जुची है कि, इन्होंने चुराई हुई गाड़ियां किन-किन लोगों को बेची हैं, जिससे आगे और भी बरामदगी होने की संभावना जताई गई है।