
Narsinghpur News : सरकारी कार्यप्रणालियों को लेकर अकसर सवाल खड़े करते हुए विवादों तक में पड़ने वाले ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने एक बार फिर सरकार के समक्ष बड़े सवाल खड़े किए हैं। इस बार मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में उन्होंने सनातन धर्म और केंद्र सरकार को लेकर बड़ा बयान दिया है। अपने गुरु स्थान झोतेश्वर धाम प्रवास के दौरान उन्होंने सनातन, युवाओं और चुनाव आयोग के मुद्दे पर सरकार को घेरा है।
मीडिया से बातचीत के दौरान शंकराचार्य ने कहा कि, आज एक तरफ सनातन को बढ़ाने की बात कही जा रही है तो दूसरी तरफ सनातन धर्म के दोनों गुरुओं की अवहेलना की जा रही है। जो लोग सनातन धर्म की बात करते हैं, उन्हें पहले सनातन के गुरुओं का सम्मान करना चाहिए।
उन्होंने नेताओं और अन्य लोगों द्वारा सनातन धर्म की व्याख्या किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। साथ ही कहा कि, जो लोग भगवान राम को भगवान नहीं मानते और डंडे को गुरु मानने की बात करते हैं, वे सनातन धर्म को क्या बढ़ावा देंगे।
वहीं जैन समाज और युवाओं से जुड़े मुद्दे पर पूछे गए सवाल पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि, ये दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस देश के नौजवानों के हाथ में देश का भविष्य सौंपा जाना है, आज उसी नौजवान को कुचला जा रहा है। उन्होंने युवाओं पर की जा रही कार्रवाई पर भी सवाल उठाए है।
शंकराचार्य ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, आयोग सत्ता दल को फायदा पहुंचाने के लिए खुलेआम काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि, मीडिया की एक पत्रकार ने पूरे मामले को सामने रखा है, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ अन्य अधिकारी बार-बार आपत्ति उठा रहे हैं, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही।