
Bihar Assembly Election 2025: बिहार के खगड़िया में शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महागठबंधन पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा को लेकर शाह ने कहा कि वह घुसपैठिया बचाओ यात्रा निकालकर घुसपैठियों की रक्षा नहीं कर सकते।
चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि NDA के 20 साल के शासन में बिहार में गंभीर अपराधों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि मैं सुन रहा था कि तेजस्वी यादव बिहार में लूट, हत्या और अपराध की बात कर रहे थे। यह 'सौ चूहे खा कर, बिल्ली हज को चली' जैसा है।" उन्होंने आगे कहा- नीतीश कुमार के पिछले 20 साल के कार्यकाल में 2005 की तुलना में हत्या के मामलों में 20 प्रतिशत की कमी आई है।
चुनावी सभा में मौजूद लोगों को अमित शाह ने छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने कहा- आप सभी जानते हैं कि आज से छठ का महापर्व शुरू हो गया है। मैं बिहार के सभी लोगों को छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। मैं छठी मैया से प्रार्थना करता हूं कि हमारा बिहार जंगलराज से मुक्त रहे, कानून व्यवस्था सुदृढ़ रहे, हमारी बहन-बेटियां सुरक्षित रहें और बिहार भविष्य में एक विकसित राज्य बने। यही मैं छठी मैया से प्रार्थना करना चाहता हूं।
उन्होंने कहा- हमने बिहार को नक्सलवाद से मुक्त करने का काम किया है। यह चुनाव तय करेगा कि बिहार में जंगलराज वापस लाना है या विकास का राज। क्या आप जंगलराज चाहते हैं? अगर लालू-राबड़ी की सरकार सत्ता में आई, तो जंगलराज भी साथ आएगा। NDA की सरकार बनी, तो विकसित बिहार की पहचान पूरे भारत में होगी। अपने वोट का सोच-समझकर इस्तेमाल करें। NDA गठबंधन में पांच पांडव हैं। इन्हें आशीर्वाद दें और विजयी बनाएं।
महागठबंधन पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा- महागठबंधन का भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड है, क्या वे बिहार का विकास कर सकते हैं। केवल नरेंद्र मोदी और नीतीश बाबू, जिन पर एक पैसे के भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं है, वे ही बिहार का विकास कर सकते हैं।