राष्ट्रीय

अंग्रेजों ने सजाया था ‘दिल्ली दरबार’, सिंधिया की मंगेतर राजकुमारी को हुआ प्यार, चिट्ठी भेज किया महाराज से शादी से इनकार

Indira Devi Love Story: 1911 के दिल्ली दरबार में बड़ौदा की राजकुमारी इंदिरा को कूच बिहार के महाराजा से प्यार हो गया। कैसे उन्होंने ग्वालियर के महाराजा माधोजी राव सिंधिया से शादी करने से इनकार कर दिया और क्या था पूरा किस्सा... यहां पढ़ें।
4 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 3:10 PM IST
Indira Rani Lover Story
बड़ौदा की राजकुमारी इंदिरा और ग्वालियर के महाराजा माधोजी राव सिंधिया। (फोटो सोर्स- Wikipedia)

1911 का 'दिल्ली दरबार' ब्रिटिश राजा जॉर्ज पंचम के स्वागत के लिए आयोजित भव्य उत्सव के रूप में इतिहास में दर्ज है। लेकिन, इसमें कई ऐसी घटनाएं हुईं जिनका अलग ही महत्व है। ऐसी ही दो अहम घटनाओं का जिक्र महारानी गायत्री देवी ने अपनी किताब 'ए प्रिंसेस रिमेंबर्स' में किया है।

1911 के दिल्ली दरबार में दो अहम घटना हुई थी। एक तो बड़ौदा के महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ तृतीय अनजाने में की गई एक हरकत के चलते सुर्खियों में छा गए थे। ब्रिटिश अखबारों तक में उनकी खबर छपी। और, दूसरा इसी दरबार के दौरान महाराजा सयाजीराव गायकवाड़ तृतीय की इकलौती बेटी इंदिरा को कूच बिहार के राजकुमार से प्यार हो गया था। इंदिरा की शादी ग्वालियर के महाराजा माधोजी राव सिंधिया से तय हो चुकी थी। लेकिन, इसी बीच 'दिल्ली दरबार' आयोजन के दौरान प्यार हो जाने के बाद इंदिरा ने माधोजी राव को खत लिख कर शादी से इनकार कर दिया। उस जमाने में यह बहुत बड़ी घटना थी, लेकिन महाराजा ने इसका बुरा नहीं माना था और इस घटना का बड़ौदा और ग्वालियर रियासतों के बीच संबंधों पर बुरा असर नहीं पड़ने दिया था।

माता-पिता ने तय कर दी थी इंदिरा की शादी

बड़ौदा के महाराज ने अपनी मर्जी से इकलौती बेटी इंदिरा की शादी तय कर दी। बच्चों से बिना पूछे शादी तय करना उन दिनों आम बात थी। जब इंदिरा को बताया गया तो उन्होंने भी बिना ना-नुकुर किए फैसला मान लिया। यह भी उन दिनों आम बात ही थी। उन्होंने माता-पिता का फैसला मान तो लिया था, लेकिन इंदिरा और माधोजी की उम्र में 22 साल का फासला (18 और 40 वर्ष) था। माधोजी राव सिंधिया की एक शादी भी हो चुकी थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्हें वारिस की चाहत थी। 1909 में वह लंदन में इंदिरा से मिले थे और लौटने के बाद शादी की बात चलाई थी। 1910 में महाराजा सयाजीराव ने रिश्ते के लिए हाँ कर दी और बेटी को इस बारे में बता दिया था।

इंदिरा इस फैसले से खुश नहीं थीं। उनकी बेटी और जयपुर की आखिरी महारानी गायत्री देवी ने यह बात अपनी किताब 'ए प्रिंसेस रिमेंबर्स' में लिखी भी है। नाखुशी जाहिर किए बिना उन्होंने माता-पिता का फैसला मान लिया था। बड़ौदा की महारानी ने इकलौती बेटी की शादी के लिए खरीददारी शुरू कर दी थी। इस बीच 1911 में 'दिल्ली दरबार आयोजित हुआ।

1911 का दिल्ली दरबार, जहां जुटे देशभर के राजा-महाराजा

'दिल्ली दरबार' में देश भर की रियासतों के राजा-महाराजा पहुंचे थे। बड़ौदा के महाराजा भी वहां गए। उदासी के साये में जी रहीं इंदिरा भी माता-पिता के साथ गईं।

'दिल्ली दरबार' का आयोजन देश की राजधानी कलकत्ता से दिल्ली लाए जाने के मौके पर किया गया था। पहली बार ब्रिटिश महाराजा जॉर्ज पंचम भारत आए थे। पूरे भारत के राजा-महाराजा ब्रिटेन के राजा के प्रति अपनी वफादारी दिखाने के लिए दिल्ली दरबार में जुटे थे। बड़ा भव्य आयोजन किया गया था। करीब 90 हजार लोग इस समारोह के लिए दिल्ली में थे। देश भर से जुटे राजा-महाराजाओं के रहने के लिए कैंप बनाए गए थे, जिनमें हर तरह की सुविधा थी।

किंग जॉर्ज के सामने झुकने में हुई चूक, सुर्खियों में आए बड़ौदा के महाराजा

मुख्य समारोह के लिए विशाल सभागार बनाया गया था। समारोह के दौरान बड़ौदा महाराज किंग जॉर्ज पंचम के सामने गए तो उनसे शिष्टाचार संबंधी दो भूल हो गई। एक तो उन्हें ब्रिटिश महाराज के सामने तीन बार झुकना था। वह एक बार ही झुके। दूसरा, उन्हें पीछे मुड़ का वापस नहीं होना था। लेकिन, वह पीछे मुड़ कर वापस लौटने लगे, जिससे उनकी पीठ राजा के सामने हो गई। जानकारी के अभाव में हुई इस गलती को बड़ौदा महाराज की बड़ी गुस्ताखी माना गया। मान गया कि उन्होंने किंग जॉर्ज की बेइज्जती की। ब्रिटिश अखबारों तक में उनकी यह हरकत सुर्खियां बनी। अंग्रेज जहां इस हरकत से नाराज थे, वहीं आजादी की लड़ाई लड़ने वाले राष्ट्रवादी बड़ौदा महाराज को हीरो मान रहे थे।

दिल्ली दरबार में शुरू हुई इंदिरा और कूच बिहार के राजकुमार की प्रेम कहानी

ये सब तो खुले आम चल रहा था, लेकिन इसी बीच चुपके से एक प्रेम कहानी भी जन्म ले चुकी थी। दिल्ली दरबार के बहाने कई दिनों तक दिल्ली में देश भर से आए राजा-महाराजाओं का मजमा लगा रहा। सबके अपने-अपने कैंप थे और सबके परिवार वाले एक-दूसरे से मिलने-जुलने अक्सर जाया करते थे। राजकुमारी इंदिरा का भी कूच बिहार के महाराजा के शिविर में खूब आना-जाना था। वहां के महाराजा की बहनों से इंदिरा का पहले से परिचय था। इसी बहाने आना-जाना ज्यादा होता था। राजकुमारी इंदिरा कब कूच बिहार के महाराजा के प्रेम में पड़ गईं, उन्हें पता भी नहीं चला। न ही उनके माता-पिता को इसकी भनक थी।

ग्वालियर के महाराजा को खत लिखकर शादी से किया इनकार

दिल्ली दरबार खत्म हुआ और दिल में प्यार का दीप जलाए इंदिरा माता-पिता के साथ लौट गईं। लौटते ही उन्होंने एक बड़ा कदम उठाया। ग्वालियर के महाराजा को चिट्ठी लिखी और बता दिया कि वह उनसे शादी नहीं करना चाहतीं। इधर बड़ौदा में इकलौती राजकुमारी की शादी की तैयारी ज़ोर-शोर से चल रही थी। लेकिन, ग्वालियर से महाराजा का एक तार आया और शादी का सारा जश्न ठंडा पड़ गया। तार में लिखा था- राजकुमारी की भेजी चिट्ठी का क्या मतलब है?

परिवार के विरोध के बावजूद अपने फैसले पर अड़ी रहीं इंदिरा

इंदिरा को पिता ने तुरंत बुलाया। इस बार राजकुमारी चुप नहीं रहीं। उन्होंने साफ-साफ बता दिया। उनके माता-पिता पर मानो बिजली गिर गई। दोनों ने बेटी को खूब खरी-खोटी सुनाई। बाहर भी तरह-तरह की बातें हुईं। लेकिन, इंदिरा के भाई विरोध में नहीं थे। यह उनके लिए बड़ा सहारा था। वह डिगी नहीं।

Updated on:
26 Nov 2026, 3:10 PM IST
Published on: