राष्ट्रीय

केजरीवाल नहीं उठाते फोन! AAP छोड़ BJP में आए राजेश गुप्ता के छलके आंसू, लगाए ये गंभीर आरोप

दिल्ली नगर निगम उपचुनाव से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। वजीरपुर के पूर्व विधायक राजेश गुप्ता भाजपा में शामिल हो गए।
2 min read
Nov 29, 2025
Rajesh Gupta
पूर्व MLA राजेश गुप्ता BJP में शामिल (फोटो x BJP4Delhi)

Rajesh Gupta joins BJP: दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव से महज कुछ घंटों पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। वजीरपुर से पूर्व विधायक रह चुके गुप्ता AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली विधानसभा की याचिका एवं अनुमान समिति के पूर्व अध्यक्ष तथा कर्नाटक प्रभारी भी थे।

BJP मुख्यालय में भावुक स्वागत

दिल्ली BJP मुख्यालय पर आयोजित समारोह में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने राजेश गुप्ता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी सहित कई बड़े नेता मौजूद रहे। सदस्यता लेते वक्त गुप्ता भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू आ गए।

केजरीवाल पर गंभीर आरोप

BJP जॉइनिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजेश गुप्ता ने AAP और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, '10 साल तक दिन-रात पार्टी के लिए मेहनत की, लेकिन आज अरविंद केजरीवाल मेरा फोन तक नहीं उठाते। प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज भी बात नहीं करते। पार्टी ने मेरी मेहनत को भुला दिया। AAP अपनी मूल विचारधारा से भटक चुकी है और भ्रष्टाचार में डूब गई है। अब मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और राष्ट्रवाद की राह पर चलूंगा।'

AAP का आपदा अब BJP की ताकत

राजेश गुप्ता का स्वागत करते हुए बैजयंत पांडा ने चुटकी लेते हुए बोले, 'आज AAP का एक और ‘आपदा’ BJP की ताकत बन गया है।' वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि 2025 विधानसभा चुनाव के बाद से AAP के नेता लगातार पार्टी छोड़ रहे हैं, यह सिलसिला जारी है और आने वाले दिनों में और बड़े नेता BJP में शामिल होंगे।

12 वार्डों में रविवार को मतदान

दिल्ली MCD के 12 वार्डों (वजीरपुर, शालीमार बाग उत्तर, त्रिलक नगर, जहांगीरपुरी सहित) में रविवार (30 नवंबर) को मतदान होगा। मतगणना 3 दिसंबर को होगी। कुल 6,99,537 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पहली बार 4,884 मतदाता घर से EVM के जरिए वोट डालेंगे, जबकि 3,204 दिव्यांग मतदाता भी शामिल हैं। प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। BJP की ओर से सांसद, विधायक और पार्षद डोर-टू-डोर कैंपेन करते नजर आए, जबकि AAP और कांग्रेस ने भी बड़ी रैलियां कीं।

Updated on:
29 Nov 2025 06:14 pm
Published on:
29 Nov 2025 04:51 pm