
Abhijeet Dipke Meets Kapil Sibal: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने अब कानूनी लड़ाई तेज कर दी है। सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने नई दिल्ली में वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल से मुलाकात के लिए उनके घर पहुंचे हैं। कल 25 जुलाई को नीट यूजी 2026 पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया है और परीक्षा सुधारों को लेकर देशभर में चर्चा जारी है। हालांकि, अभिजीत दीपके और कपिल सिब्बल की इस मुलाकात का एजेंडा या बातचीत का विषय अभी सामने नहीं आया है। फिलहाल इस बैठक को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
रविवार को CJP संस्थापक अभिजीत दीपके नई दिल्ली में वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल के आवास पहुंचे। दोनों के बीच हुई मुलाकात को हाल के छात्र आंदोलन और प्रदर्शन के बाद दर्ज मामलों के संदर्भ में अहम माना जा रहा है। हालांकि, बैठक के बाद दोनों पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP के नेतृत्व में दिल्ली में कई दिनों तक प्रदर्शन चला था। इसी दौरान संसद की ओर मार्च के समय प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई थी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बल प्रयोग किया था। इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले भी दर्ज किए गए। CJP लगातार इन मामलों को वापस लेने और पुलिस कार्रवाई की जांच की मांग उठाती रही है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद अभिजीत दीपके ने आंदोलन का श्रेय किसी एक व्यक्ति को देने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि केवल मंत्री के इस्तीफे की वजह से उन्हें हीरो नहीं बनाया जाना चाहिए। उनके अनुसार यह जीत उन छात्रों और सभी लोगों की है जिन्होंने लंबे समय तक आंदोलन में हिस्सा लिया और अपनी आवाज बुलंद की।
दीपके ने यह भी कहा था कि यह आंदोलन का अंत नहीं बल्कि शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आगे भी शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और छात्रों के हितों को लेकर उनकी लड़ाई जारी रहेगी। फिलहाल कपिल सिब्बल से हुई मुलाकात को भी इसी घटनाक्रम की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।