
Abhishek Banerjee News : कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी इन दिनों अमेरिका में आंख का इलाज करा रहे हैं। इसी बीच उनकी एक इंस्टाग्राम स्टोरी ने पश्चिम बंगाल के राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। अभिषेक ने अपने चेहरे की क्लोज-अप तस्वीर साझा की, जिसमें उनकी आंख और उसके पास का निशान साफ दिखाई दे रहा है।
तस्वीर के साथ अभिषेक बनर्जी ने लिखा कि यह निशान बताता है कि मैं बहुत कुछ झेल चुका हूं, लेकिन मेरी आंखें बताती हैं कि मैं अभी खत्म नहीं हुआ हूं। उनकी इस पोस्ट के बाद राजनीतिक हलकों में इसके अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं। हालांकि, अभिषेक ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि पोस्ट का कोई राजनीतिक संदेश भी है।
अभिषेक बनर्जी की बाईं आंख वर्ष 2016 में एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके बाद से वह भारत और विदेश में कई बार सर्जरी करा चुके हैं और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेते रहे हैं। उनका मौजूदा अमेरिका दौरा भी इसी आंख के इलाज और मेडिकल कंसल्टेशन से जुड़ा है। अभिषेक बनर्जी को अमेरिका जाने से पहले कानूनी प्रक्रिया से भी गुजरना पड़ा। कलकत्ता हाई कोर्ट ने पहले उनकी विदेश यात्रा की अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
सुप्रीम कोर्ट ने सितंबर में अभिषेक बनर्जी को आंख के इलाज के लिए तीन सप्ताह के लिए विदेश जाने की अनुमति दी थी। अदालत ने उन्हें डॉक्टर, अस्पताल, ठहरने की जगह, उड़ान और यात्रा कार्यक्रम समेत जरूरी जानकारी संबंधित अधिकारियों को पहले से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया था। अदालत के आदेश के मुताबिक इलाज पूरा होने के बाद अभिषेक को निर्धारित तीन सप्ताह की अवधि के भीतर भारत लौटना होगा।
अभिषेक की इंस्टाग्राम स्टोरी सामने आने के बाद बंगाल की राजनीति में इस पोस्ट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुछ लोग इसे उनकी शारीरिक पीड़ा और लंबे समय से चल रहे इलाज से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं, कुछ लोग इसे उनके राजनीतिक सफर और आगे भी सक्रिय रहने के संकेत के तौर पर देख रहे हैं। हालांकि, अभिषेक बनर्जी ने अपनी पोस्ट में किसी राजनीतिक दल, नेता या आगामी राजनीतिक गतिविधि का कोई सीधा जिक्र नहीं किया है।
इस बीच उनकी पोस्ट और अमेरिका में इलाज को लेकर राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी ने भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि अभिषेक बनर्जी न्यू जर्सी में एक आलीशान जगह पर विला किराये पर लेकर रह रहे हैं। आंख के इलाज के लिए विला की क्या जरूरत है?