राष्ट्रीय

महिला पत्रकार के आरोपों के बीच ACP विवेक भगत का प्रमोशन, अब संभालेंगे एडिशनल DCP की जिम्मेदारी

Delhi Police: ACP विवेक भगत को DANIPS अधिकारियों के प्रमोशन के तहत एडिशनल DCP बनाया गया है। यह आदेश जंतर-मंतर पर महिला पत्रकार के कथित आरोपों के बीच सामने आया है।
2 min read
• •
Oct 05, 2026
delhi police
महिला पत्रकार के आरोपों के बीच ACP विवेक भगत का प्रमोशन(फोटो-इंस्टा/दिल्ली पुलिस)

Vivek Bhagat: दिल्ली पुलिस के ACP विवेक भगत को प्रमोशन देकर एडिशनल DCP के पद पर नियुक्त किया गया है। यह आदेश ऐसे समय आया है जब 3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर एक महिला पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी और छेड़खानी के आरोपों को लेकर विवाद चल रहा है। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर कई पोस्ट और वीडियो सामने आए हैं और कार्रवाई की मांग की जा रही है।

दिल्ली सरकार के होम डिपार्टमेंट ने जारी किया आदेश

दिल्ली सरकार के होम डिपार्टमेंट की ओर से जारी आदेश (F.No.5/35/2016/HP-I/Estt./5529-5538) में DANIPS अधिकारियों को सिलेक्शन ग्रेड में प्रमोशन दिए जाने की जानकारी दी गई है। इस सूची में ACP विवेक भगत का नाम भी शामिल है।विवेक भगत इससे पहले कनॉट प्लेस/नई दिल्ली जिले में SDPO यानी सब-डिविजन पुलिस ऑफिसर के तौर पर तैनात थे। प्रमोशन के बाद उन्हें एडिशनल DCP की जिम्मेदारी दी जाएगी। आदेश में कुल 12 अधिकारियों को प्रमोशन दिए जाने की जानकारी है।

महिला पत्रकार से कथित बदसलूकी का मामला

3 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान एक महिला पत्रकार ने ACP विवेक भगत पर कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़खानी के आरोप लगाए थे। इस मामले से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है।

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया के दावों पर दी सफाई

इस बीच दिल्ली पुलिस के DCP नई दिल्ली के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित मारपीट और शारीरिक उत्पीड़न से जुड़े दावों पर सफाई दी गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर महिला प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट या शारीरिक उत्पीड़न के जो दावे किए जा रहे हैं, वे बेबुनियाद और भ्रामक हैं। पुलिस के मुताबिक, महिला प्रदर्शनकारियों को महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही संभाला जाता है और उनके साथ गरिमा एवं सम्मान के साथ व्यवहार किया जाता है। पुलिस ने यह भी कहा कि हिरासत में लिए गए लोगों को कानूनी प्रक्रिया के तहत छोड़ा गया है। फिलहाल, ACP विवेक भगत के खिलाफ लगाए गए महिला पत्रकार के आरोप और उनके प्रमोशन की टाइमिंग सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।

Updated on:
05 Oct 2026 08:57 pm
Published on:
05 Oct 2026 08:37 pm