
Voter List Controversy: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में SIR के बाद ट्रिब्यूनल में अपील करने वाले मतदाताओं के घर पुलिस बार-बार पहुंच रही है। इस पर कांग्रेस नेता कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और सिविक वॉलंटियर आम लोगों को परेशान कर रहे हैं और उनसे बार-बार दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। चौधरी ने कहा कि वोटर लिस्ट तैयार करने और उसमें नाम शामिल करने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है, फिर पुलिस इस मामले में दखल क्यों दे रही है।
अधीर रंजन चौधरी के मुताबिक, जिन मतदाताओं के नाम SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के दौरान वोटर लिस्ट से हटाए गए थे और जिन्होंने नाम दोबारा जुड़वाने के लिए ट्रिब्यूनल में अपील की है, पुलिस और सिविक वॉलंटियर उनके घर जा रहे हैं। इस पर अधीर रंजन ने आरोप लगाया कि वे बार-बार इन लोगों के घर पहुंचकर उनसे अलग-अलग दस्तावेज दिखाने की मांग कर रहे हैं। इस वजह से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
चौधरी ने आरोप लगाया कि मुर्शिदाबाद में आम लोगों को गैरकानूनी तरीके से परेशान किया जा रहा है। उन्हें डराया और धमकाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाने वालों को डिटेंशन कैंप भेजने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कितने डिटेंशन कैंप बनाए गए हैं और क्या प्रशासन अपनी मर्जी से कुछ भी करेगा।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत वोटर लिस्ट और चुनाव से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है। वोटर लिस्ट कैसे तैयार होगी और किसका नाम उसमें शामिल होगा, यह फैसला चुनाव आयोग करता है। ऐसे में पुलिस की ओर से लोगों के घर जाकर दस्तावेज मांगने का क्या मतलब है। उन्होंने सवाल किया कि जब पुलिस खुद कहती है कि वोटर लिस्ट से जुड़े मामलों में उसकी कोई जिम्मेदारी नहीं है, तो फिर वह ऐसा क्यों कर रही है।