Hindi News / National News / पेट्रोल-डीजल से लेकर खाने-पीने वाले सामान तक हो सकते हैं महंगे, सरकार ने किया अलर्ट, 3 वजह भी बताई
पेट्रोल-डीजल से लेकर खाने-पीने वाले सामान तक हो सकते हैं महंगे, सरकार ने किया अलर्ट, 3 वजह भी बताई
India Inflation: भारत में आने वाले महीनों में महंगाई बढ़ने का खतरा है। सरकार ने मौसम में बदलाव, खाद्य पदार्थों की सप्लाई और शादी-ब्याह के सीजन को इसकी 3 बड़ी वजह बताया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण। (फोटो- ANI)
आने वाले कुछ महीनों में देश की आम जनता को एक बार फिर महंगाई का बड़ा झटका लग सकता है। भारत सरकार ने इसको लेकर सभी को पहले ही अलर्ट कर दिया है।
सरकार की ओर से महंगाई बढ़ने की तीन वजह भी बताई गई है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, मौसम में बदलाव, खाद्य पदार्थों की सप्लाई में अनिश्चितता और शादी-ब्याह के सीजन के कारण खाने-पीने से लेकर पेट्रोल-डीजल तक की कीमतें बढ़ सकती हैं।
अक्टूबर में भी बढ़ी महंगाई दर
सरकार की ओर से शनिवार को मासिक आर्थिक रिपोर्ट जारी की गई। जिसके मुताबिक, नवंबर के बाद आने वाले महीनों में महंगाई का दबाव बढ़ सकता है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और रुपये की मजबूती से कीमतों में तेजी को कुछ हद तक रोकने में मदद मिल सकती है।
खास बात यह है कि अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर पहले ही भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की 6 फीसदी की ऊपरी सीमा को पार कर चुकी है। ऐसे में आने वाले महीनों में महंगाई का बढ़ना आम लोगों के घरेलू बजट पर असर डाल सकता है।
मांग बढ़ने से पैदा होगी ऐसी स्थिति
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में इस बार त्योहारों का माहौल नवंबर तक बना रहा। इसके साथ ही शादी-ब्याह का सीजन भी शुरू हो गया है। इस दौरान बाजार में खाने-पीने की चीजों के अलावा कपड़े, घरेलू सामान और दूसरी गैर-खाद्य वस्तुओं की मांग बढ़ जाती है।
मांग बढ़ने के साथ इन चीजों की कीमतों में भी तेजी आ सकती है। खासकर खाद्य पदार्थों की कीमतों पर इसका असर देखने को मिल सकता है। मौसम से जुड़ी अनिश्चितताएं भी सप्लाई को प्रभावित कर सकती हैं। अगर उत्पादन या बाजार तक सामान पहुंचने में परेशानी आती है, तो कीमतें और बढ़ सकती हैं।
मिडिल ईस्ट का तनाव भी बढ़ा सकता है मुश्किल
भारत के लिए महंगाई का एक बड़ा खतरा अंतरराष्ट्रीय बाजार से भी जुड़ा है। मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों और समुद्री रास्तों से होने वाले माल ढुलाई के खर्च में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चे तेल के आयात से पूरा करता है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल महंगा होने से देश का आयात बिल बढ़ सकता है। इसका असर पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ सामान की ढुलाई और उत्पादन लागत पर भी पड़ सकता है।