राष्ट्रीय

सिद्धारमैया-शिवकुमार के बाद YS शर्मीला से मिले राहुल गांधी, अचानक क्यों दिल्ली पहुंचीं आंध्र प्रदेश कांग्रेस प्रमुख?

YS Sharmila Rahul Gandhi meeting: आंध्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाईएस शर्मिला राहुल गांधी से मिली। इस दौरान क्या चर्चा हुई, आइये इसके बारे में विस्तार से जानें।

2 min read
May 29, 2026
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे। (फोटो- IANS)

कर्नाटक के बाद आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के भीतर हलचल तेज हो गई है। आंध्र प्रदेश कांग्रेस की प्रमुख वाईएस शर्मिला ने शुक्रवार को दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। हालांकि, शर्मिला ने इस मुलाकात को पार्टी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया है।

बता दें कि पिछले 15 साल से आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के एक भी विधायक नहीं है। ऐसे में शर्मिला ने पार्टी को मजबूत करने के संबंध में राहुल से बातचीत की। दिलचस्प बात यह है कि दिल्ली में राहुल ने कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार से मिलने के तुरंत बाद शर्मिला से मुलाकात की।

ये भी पढ़ें

सिद्धारमैया के पद छोड़ते ही विधानसभा से हटाया गया CM-डिप्टी सीएम का नेमप्लेट, अधिकारियों के बीच हलचल तेज

आंध्र में कांग्रेस की बदहाली

2009 के बाद से आंध्र प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का खाता नहीं खुला है। 2024 के चुनाव में TDP ने 135 सीटों के साथ बहुमत हासिल कर लिया। कांग्रेस शून्य पर सिमट गई। ऐसी स्थिति में शर्मिला की राहुल गांधी से मुलाकात को पार्टी कार्यकर्ता राहत की सांस के तौर पर देख रहे हैं।

शर्मिला ने एक्स पर लिखा- दिल्ली में 10 जनपथ पर राहुल गांधी जी से मुलाकात हुई। आंध्र प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। उनके कई सुझाव और मार्गदर्शन मिले।

पार्टी सूत्रों के अनुसार बैठक में आंध्र प्रदेश में संगठन को नई ऊर्जा देने, युवाओं को जोड़ने, जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर बात हुई। शर्मिला ने राहुल से मिले सुझावों को जल्द अमल में लाने का भरोसा जताया है।

कर्नाटक में मंत्रिमंडल फेरबदल के बीच राहुल व्यस्त

शर्मिला से पहले राहुल गांधी ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से मुलाकात की। यह बैठक सोनिया गांधी के आवास पर हुई। सिद्धारमैया ने राहुल को गले लगाया। कल ही सिद्धारमैया ने उच्च कमान के निर्देश पर इस्तीफा दे दिया था।

अब डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। कर्नाटक सरकार ने गजट नोटिफिकेशन जारी कर सिद्धारमैया के इस्तीफे को मंजूरी दे दी है। राज्यपाल ने संविधान के अनुच्छेद 164(1) के तहत इसे स्वीकार कर लिया।

कांग्रेस की दो मोर्चों पर चुनौती

अब कांग्रेस के सामने दो मोर्चों पर चुनौती है। आंध्र प्रदेश में शून्य स्थिति से उबरना और कर्नाटक में सत्ता संभालना। कांग्रेस हाईकमान दोनों मोर्चों पर एक साथ ध्यान दे रहा है।

आंध्र में वाईएस शर्मिला पहले से ही पार्टी को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने की कोशिश कर रही हैं। अब राहुल का सीधा मार्गदर्शन मिलने से कार्यकर्ताओं में नई उम्मीद जगी है।

पार्टी के अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि राहुल गांधी ने शर्मिला को आंध्र की सांस्कृतिक, सामाजिक और स्थानीय मुद्दों पर फोकस करने की सलाह दी है। TDP और अन्य दलों के खिलाफ विपक्ष की भूमिका कैसे मजबूत की जाए, इस पर भी चर्चा हुई।

ये भी पढ़ें

‘जनता ने मुझे 5 साल के लिए चुना है’, राज्यसभा का ऑफर मिलने के बाद सिद्धारमैया ने कांग्रेस हाई कमान से क्या कहा?
Also Read
View All