राष्ट्रीय

Ahmedabad: तांत्रिक विधि से सोना निकालने का दिया भरोसा, 62 लाख रुपए की असली नकदी लेकर रख गए बच्चों के नकली नोट

Gujarat Crime: 32 किलो पुश्तैनी सोना निकालने का झांसा देकर कार एसेसरीज व्यवसायी से 62 लाख रुपए ठग लिए गए। आरोपियों ने तांत्रिक विधि के नाम पर असली नोटों की पोटली बदलकर उसमें बच्चों के खेलने वाले नकली नोट रख दिए।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 9:17 PM IST
Gujarat Crime
प्रतिकात्मक तस्वीर

अहमदाबाद। जिले के विरमगाम ग्रामीण थाना क्षेत्र में ठगी का मामला सामने आया है। मेलडीनगर निवासी कार एसेसरीज व्यवसायी विजयपुरी गोस्वामी को उनके दादा की ओर से घर में गाढ़ा गया 32 किलो पुश्तैनी सोना निकालकर देने का झांसा देकर तीन लोगों ने 62 लाख रुपए ठग लिए। आरोपियों ने घर में पूजा-पाठ और तांत्रिक विधि के नाम पर अंधविश्वास का डर दिखाया।

नकदी लेकर फरार

इसके बाद असली नोटों से भरी पोटली बदलकर उसमें बच्चों के खेलने वाले नकली नोट रख दिए और नकदी लेकर फरार हो गए। कई दिन बाद पोटली खोलने पर ठगी का पता चला। पीड़ित ने विरमगाम ग्रामीण थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। इनमें विरमगाम के आदममियां टेकरा निवासी वसीम लावरा, महेसाणा जिले के गिलोसण गांव निवासी बापू उर्फ यूनिशमियां चौहान और आचारभाई सिंधी शामिल हैं।

बातों में आकर कराई तांत्रिक विधि

41 वर्षीय विजयपुरी गोस्वामी कार एसेसरीज का व्यवसाय करते हैं। उनकी पहचान वसीम लावरा से थी। वसीम ने उन्हें बताया कि उनके घर में दादा की ओर से गाढ़ा गया 32 किलो सोना मौजूद है और इसे तांत्रिक विधि से बाहर निकाला जा सकता है। उसकी बातों में आकर विजयपुरी ने उसके मित्र बापू उर्फ यूनिशमियां चौहान से विधि कराई।

मौत का डर दिखाया

इसके नाम पर आरोपियों ने उनसे 31 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने विजयपुरी के घर के एक कमरे में गड्ढा खुदवाया और वहां फिर से तांत्रिक विधि की। इस दौरान उनसे 31 लाख 61 हजार रुपए की नकदी हरे रंग के कपड़े की पोटली में बंधवाकर अलग रखवा दी। आरोपियों ने उन्हें हिदायत दी कि जब तक वे खुद न कहें, कमरे को नहीं खोलना है। ऐसा करने पर भगवान नाराज हो जाएंगे और परिवार में किसी की मौत हो सकती है।

कर्ज लेकर दिए रुपए

आरोपियों के डराने पर विजयपुरी ने कर्ज लेकर रकम जुटाई थी। कुछ दिन बाद जब कर्ज देने वालों ने रुपए वापस मांगने शुरू किए तो उन्होंने कमरे में रखी पोटली खोली। उसमें असली नोटों की जगह बच्चों के खेलने वाले नकली नोट मिले। इससे उन्हें ठगी का पता चला। बाद में रिश्तेदारों की मदद से उन्होंने कर्ज चुकाया। इसके बाद विजयपुरी आरोपियों से अपने रुपए वापस मांगने पहुंचे, लेकिन तीनों वहां से फरार हो चुके थे। आखिरकार पीड़ित ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
15 Nov 2026, 9:17 PM IST
Published on: