राष्ट्रीय

Ahmedabad Accident: भावनगर जा रहा अहमदाबाद का परिवार रास्ते में उजड़ा, कार पलटने से पति-पत्नी की मौत, 8 साल की बेटी गंभीर

Dholera Expressway Accident: धोलेरा-अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर पीपली गांव के पास कार पलटने से अहमदाबाद के दंपती की मौत हो गई। हादसे में उनकी 8 साल की बेटी सहित चार लोग घायल हो गए, बच्ची की हालत गंभीर है।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 2:32 PM IST
Dholera Expressway Accident
क्षतिग्रस्त कार और मौके पर पहुंची एंबुलेंस। फोटो- पत्रिका

Gujarat Road Accident: धोलेरा-अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में अहमदाबाद की एक दंपती की मौत हो गई, जबकि उनकी 8 साल की बेटी सहित चार लोग घायल हो गए। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा पीपली गांव के पास हुआ। परिवार अहमदाबाद से भावनगर जा रहा था। कार चालक के स्टीयरिंग से नियंत्रण खोने के बाद यह दुर्घटना हुई।

रास्ते में हुई पत्नी की मौत

हादसे में जमालपुर निवासी नजीरहुसैन मेमन की मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी आल्फीनाबेन मेमन ने भी अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। उन्हें एम्बुलेंस से उपचार के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई। चिकित्सकों तक पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।

बेटी की हालत गंभीर, तीन एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं

जानकारी के अनुसार, मेमन परिवार कार में सवार होकर अहमदाबाद से भावनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान धोलेरा-अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर पीपली गांव के नजदीक अचानक चालक का कार से नियंत्रण हट गया। कार सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में सवार लोग अंदर फंस गए और आसपास से गुजर रहे लोगों ने मदद के प्रयास शुरू किए।

घायलों को निकालकर अस्पताल पहुंचाने के लिए पीपली, धोलेरा और धंधुका से तीन एम्बुलेंस बुलाई गईं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद भावनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में जान गंवाने वाले दंपती की 8 वर्षीय बेटी फातिमाबेन की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके अलावा शहनाजबेन मेमन (61), सोबनभाई सकारवाला (26) और रेहानाबेन सकारवाला (60) भी घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

धोलेरा पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की जानकारी मिलने पर धोलेरा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार चालक ने किस वजह से वाहन से नियंत्रण खोया। दुर्घटनाग्रस्त कार सड़क किनारे पलट गई थी। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है। इस दुर्घटना में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों में शोक है। घायलों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।

Updated on:
12 Nov 2026, 2:32 PM IST
Published on: