12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

कुलगाम में CRPF जवानों पर हमले का खुलासा, पैदल आया शूटर और बाइक से हुआ फरार; लश्कर के हैंडलर्स पर शक

Jammu Kashmir Terror Attack: कुलगाम में CRPF जवानों पर फायरिंग करने वाला हमलावर पैदल आया और बाइक से फरार हुआ। जांच एजेंसियों को पाकिस्तान में बैठे लश्कर के हैंडलर्स की भूमिका का शक है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जम्मू

•

image

Pratiksha Gupta

•

Updated: 12 Nov 2026, 2:04 PM IST

terrorist attack

Kulgam CRPF attack (File Photo-IANS)

Kulgam Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF के तीन जवानों पर हुए आतंकी हमले को लेकर नई जानकारी सामने आई है। शुरुआती जांच और घटनास्थल से जुटाए गए इनपुट के मुताबिक, हमलावर पैदल आया था और बंद दुकानों की कतार से निकलकर उसने नाके पर तैनात जवानों पर AK-47 जैसे हथियार से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इसके बाद वह बाइक से फरार हो गया। अधिकारियों को शक है कि उसे भागने में दूसरे लोगों ने मदद की। वहीं, हमले के पीछे पाकिस्तान में बैठे लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स के निर्देश होने की आशंका भी जताई गई है।

अकेले हमलावर ने दिया वारदात को अंजाम, ऐसे हुआ फरार

शुरुआती जांच और सामने आई खुफिया रिपोर्टों से एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस पूरे हमले को किसी ग्रुप ने नहीं, बल्कि एक अकेले हमलावर ने अंजाम दिया था। अधिकारियों के अनुसार, हमलावर चुपचाप पैदल चलकर आया था। वह सड़क के किनारे बनी बंद दुकानों की कतार से अचानक बाहर निकला और नाके पर तैनात CRPF जवानों पर एके-47 जैसे खतरनाक हथियार से अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दी। यह नाका CRPF की 46वीं बटालियन के कैंप से बमुश्किल 100 मीटर की दूरी पर था।
गोलीबारी करने के बाद हमलावर वहां से फरार होने के लिए मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करके भागा। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि उसे भगाने में उसके साथियों ने मदद की होगी, क्योंकि ऐसे संवेदनशील इलाके में वारदात को अंजाम देकर अकेले पैदल भागना बेहद जोखिम भरा होता है।

मोहम्मद लतीफ भट पर है शक की सुई

सुरक्षा एजेंसियों को इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के प्रॉक्सी संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) से जुड़े स्थानीय आतंकवादी मोहम्मद लतीफ भट का हाथ होने का शक है। बताया जा रहा है कि वह इस इलाके में सक्रिय इकलौता स्थानीय आतंकी है जो 2025 में लापता हुआ था। इसके अलावा, इस पूरे हमले की प्लानिंग पाकिस्तान में बैठे लश्कर के आकाओं के इशारे पर किए जाने की बात भी सामने आ रही है।

जवानों की बहादुरी से टला बड़ा हादसा

बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुए इस अचानक हमले में CRPF के तीन जवान घायल हो गए। इनमें मध्य प्रदेश के रहने वाले हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह के हाथ में गोली लगी है और उनकी हालत स्थिर है। असम के कांस्टेबल राकेश दास के पैर में गोली लगी है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल के कांस्टेबल संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में चोट आई है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हमलावरों की गोलीबारी के बीच घायल होने के बावजूद जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। जवानों की सतर्कता और सूझबूझ से आतंकियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। जवाबी कार्रवाई के बाद हमलावर अपने मकसद में कामयाब हुए बिना ही वहां से भागने को मजबूर हो गए।

घाटी में बड़े पैमाने पर तलाश अभियान जारी

घटना के तुरंत बाद घायल जवानों को अनंतनाग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल जवान को श्रीनगर के बादामीबाग आर्मी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल, जम्मू-कश्मीर पुलिस, CRPF और भारतीय सेना ने मिलकर पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।