राष्ट्रीय

AICC Session: साबरमती रिवरफ्रंट पर होगा कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन, राहुल और खरगे समेत ये नेता होंगे शामिल

AICC session In Gujarat: शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि CWC की बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।
2 min read
• •
Updated: 22 Mar 2025, 8:41 AM IST
Feature image

AICC Session: महात्मा गांधी के कांग्रेस के अध्यक्ष बनने के शताब्दी वर्ष पर कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन 9 अप्रैल को अहमदाबाद में साबरमती नदी के तट पर रिवरफ्रंट पर आयोजित होगा। बता दें कि गुजरात की धरती पर 64 साल बाद होने जा रहे इस अधिवेशन में देशभर से पार्टी के 3000 से अधिक नेता भाग लेंगे। इससे पहले 8 अप्रैल को कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक आयोजित होगी। यह बैठक शाहीबाग स्थित सरदार पटेल राष्ट्रीय स्मारक भवन में आयोजित होगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने दी जानकारी

बता दें कि गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने यह जानकारी शुक्रवार को दी है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी की सीडब्ल्यूसी (कांग्रेस कार्य समिति) बैठक 8 अप्रैल को शाहीबाग में सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय स्मारक पर होगी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का सत्र 9 अप्रैल को साबरमती रिवरफ्रंट पर होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी शीर्ष राष्ट्रीय नेता 8 अप्रैल की शाम को साबरमती आश्रम में एक विशेष प्रार्थना सभा में शामिल होंगे।

CWC की बैठक में शामिल होंगे ये नेता

शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि CWC की बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के सीएम और प्रदेश अध्यक्ष भी इस बैठक में शामिल होंगे।

3 हजार नेता होंगे शामिल

गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष ने कहा कि 8 अप्रैल को बैठक के बाद पार्टी नेता शाम को शहर के साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने और प्रार्थना सभा में हिस्सा लेने जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले दिन AICC सत्र में देश भर से करीब 3 हजार नेता शामिल होंगे।

भावनगर में 64 वर्ष पहले आयोजित हुआ था अधिवेशन

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन 64 साल पहले भावनगर में आयोजित हुआ था। वहीं गुजरात में कांग्रेस पार्टी का पहला राष्ट्रीय अधिवेशन सूरत में आयोजित हुआ था। यह अधिवेशन 1938 में आयोजित हुआ था। इस अधिवेशन में सुभाष चंद्र बोस को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था।