राष्ट्रीय

‘लैंडिंग से पहले होगा धमाका’, मलेशिया से हैदराबाद आ रही एयरएशिया की फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी

हैदराबाद एयरपोर्ट को लगातार दूसरे दिन बम धमकी मिली है। इस बार मलेशिया से आने वाली एयरएशिया फ्लाइट को निशाना बनाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी कर जांच शुरू कर दी है।

2 min read
May 16, 2026
एयरएशिया की फ्लाइट (फाइल फोटो)

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया, जब अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल मिला। ईमेल में दावा किया गया कि मलेशिया से हैदराबाद आने वाली एयरएशिया फ्लाइट को उसके गंतव्य तक पहुंचने से पहले उडा दिया जाएगा। इस सूचना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। बताया गया कि ईमेल किसी अज्ञात शरारती व्यक्ति की ओर से भेजा गया था। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और एयरपोर्ट परिसर में निगरानी को और कडा कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें

जयपुर के एसएमएस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस कंट्रोल रुम को फोन कर दी सूचना

सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट मोड पर

धमकी मिलने के तुरंत बाद शमशाबाद स्थित एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को हाई अलर्ट मोड पर डाल दिया गया। अधिकारियों ने एयरएशिया फ्लाइट से जुडी सभी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। एयरपोर्ट के भीतर यात्रियों की अतिरिक्त जांच की गई, जबकि बैगेज स्कैनिंग और प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा बलों की संख्या भी बढा दी गई। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश कहां से भेजा गया था। एयरपोर्ट प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित खतरे को गंभीरता से लिया जा रहा है।

एक दिन पहले भी मिली थी ऐसी ही धमकी

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब एक दिन पहले ही जर्मनी के फ्रैंकफर्ट से हैदराबाद आने वाली लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक एयरलाइन के कस्टमर सपोर्ट को भेजे गए ईमेल में दावा किया गया था कि फ्लाइट LH-754 में बम रखा गया है और विमान के शमशाबाद पहुंचने से पहले विस्फोट किया जाएगा। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया और आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किए गए। हालांकि फ्लाइट सुरक्षित रूप से हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतरी और बाद में विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर विस्तृत जांच की गई।

जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक

लुफ्थांसा विमान की जांच के दौरान बम निरोधक दस्तों और एयरपोर्ट सुरक्षा टीमों ने पूरे विमान की गहन तलाशी ली। अधिकारियों ने जांच पूरी होने के बाद बताया कि विमान में किसी प्रकार का विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। शुरुआती जांच में धमकी भरे ईमेल को फर्जी माना जा रहा है। अब एयरएशिया फ्लाइट से जुडे मामले की भी विस्तार से जांच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Published on:
16 May 2026 12:04 pm
Also Read
View All