राष्ट्रीय

अब हाइड्रोजन से चलेंगे वायुसेना के रडार, दुर्गम इलाकों में नहीं होगी बिजली की चिंता

भारतीय वायुसेना के रडार अब हाइड्रोजन ईंधन सेल से चलेंगे। NTPC और हरित हाइड्रोजन मिशन के सहयोग से सफल प्रदर्शन। वायु रक्षा 2040 संगोष्ठी की पूरी खबर पढ़ें।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2026, 4:50 PM IST
IAF radars will now run on hydrogen fuel
IAF के रडार अब हाइड्रोजन फ्यूल से चलेंगे (फोटो- IANS)

भारतीय वायुसेना के रडार अब हाइड्रोजन फ्यूल सेल से चलेंगे। वायुसेना ने राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन और NTPC की मदद से इस तकनीक का सफल परीक्षण किया है। वायुसेना का कहना है कि इससे दुर्गम इलाकों में रडार चलाना आसान होगा। खास बात यह है कि यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है, जब भारतीय वायुसेना के 13 बेस रिपेयर डिपो ने अपनी स्थापना के 50 साल पूरे किए हैं।

वायु रक्षा प्रणाली की असली ताकत उसकी उपलब्धता और विश्वसनीयता में

नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में 'वायु रक्षा 2040 : सेंसर, नेटवर्क और आत्मनिर्भर रखरखाव' विषय पर आयोजित सेमिनार हुआ। इसमें वायुसेना की अनुरक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल यल्ला उमेश ने कहा कि किसी भी वायु रक्षा प्रणाली की असली ताकत केवल उसकी आधुनिक तकनीक में नहीं, बल्कि जरूरत के समय उसकी उपलब्धता और विश्वसनीयता में होती है।

उन्होंने आगे कहा कि किसी रक्षा उपकरण को सेना में शामिल करने के साथ-साथ उसके रखरखाव और मरम्मत की व्यवस्था भी दुरुस्त होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मॉडर्न टेक्नोलॉजी में खराबी का पता लगाना, और पता लगाकर उसे ठीक करके फिर से काम में इस्तेमाल किए जाने की क्षमता देश में विकसित करना ही आत्मनिर्भरता है।

डिफेंस सेक्टर से जुड़े उद्योग से वायुसेना ने की ये अपील

उन्होंने डिफेंस सेक्टर से जुड़े उद्योगों से ऐसे हथियार व उपकरण बनाने पर जोर देने को कहा, जिनका परीक्षण, मरम्मत और रखरखाव की व्यवस्था पूरी तरह भारत में ही उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि इससे विदेशी सहायता पर निर्भरता बहुत हद तक कम होगी। वहीं, विशेषज्ञों ने क्वांटम सेंसिंग, उपकरणों के जीवनकाल के प्रबंधन, आधुनिक वायु रक्षा रडार के उन्नयन और नेटवर्क आधारित वायु रक्षा प्रणाली जैसे विषयों पर विचार साझा किए। इन तकनीकों के जरिए भविष्य में वायु रक्षा प्रणालियों की क्षमता, सटीकता और विश्वसनीयता को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

Updated on:
15 Nov 2026, 4:50 PM IST
Published on: