
Air India flight News : नई दिल्ली। थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI2379) मंगलवार सुबह हवा में अचानक टर्बुलेंस का शिकार हो गई। उड़ते विमान में आए अचानक झटके से प्लेन करीब 300 फीट नीचे आ गया, जिससे प्लेन में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत 15 से 20 यात्रियों को चोटें आई हैं। दिल्ली में विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद घायलों को हवाई अड्डे पर स्थित मेडिकल सेंटर ले जाया गया।
विमान में सवार एक यात्री ने भयावह अनुभव बयां करते हुए बताया कि उड़ान भरे हुए लगभग डेढ़ घंटा बीता था। सुबह का वक्त था और हम सो रहे थे। अचानक चलती-चलती फ्लाइट रुकी और टर्न अराउंड हो गई। ऐसा लगा मानो प्लेन हवा में पूरी तरह घूम गया हो। करीब 2 से 3 मिनट तक प्लेन ऐसे ही डगमगाता रहा। यात्री ने बताया कि हादसे में 15-20 पैसेंजर्स को गंभीर चोटें आई हैं। किसी का सिर फट गया तो किसी के बच्चे को चोट पहुंची। यात्री के भाई के कंधे और पीठ में गंभीर चोट आई है। यात्री का दावा है कि फ्लाइट में सवार लगभग 70 से 80 फीसदी लोगों को झटके और हल्की-फुल्की चोटें आई हैं।
एयरलाइंस के अनुसार, दिल्ली में प्लेन की सेफ लैंडिंग करा ली गई है और कोई गंभीर चोट रिपोर्ट नहीं हुई है। प्रभावित यात्रियों को हवाई अड्डे पर ही चिकित्सा देखभाल दी जा रही है और जांच एजेंसियों का सहयोग किया जा रहा है।
राहत की बात यह रही कि इस बड़े झटके के बाद भी पायलटों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया। फ्लाइट के दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGIA) पहुंचने से पहले ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दे दी गई थी। सुबह करीब 11:15 बजे जब फ्लाइट दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरी, तो मेडिकल टीमें पहले से ही रनवे पर तैयार थी।